सांगोद- पीडब्ल्यूडी की लापरवाही से वाहन चालक और दुकानदार परेशान, सड़क खोदकर छोड़ी
दीवाली से पहले खोदकर छोड़ा सड़क का हिस्सा, अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं; आए दिन गिर रहे दुपहिया वाहन चालक
सांगोद। कस्बे में बपावर सड़क के चौड़ाईकरण का कार्य इन दिनों वाहन चालकों के साथ ही दुकानदारों के लिए भी मुसीबत बना हुआ है। सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की ढिलाई के चलते सड़क का एक हिस्सा खोदकर छोड़ दिया गया है, लेकिन लंबे समय बाद भी यहां निर्माण कार्य शुरू नहीं करवाया गया है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार दीवाली से पहले सड़क चौड़ाईकरण के नाम पर एक तरफ का हिस्सा खोदकर छोड़ दिया गया था। उम्मीद थी कि जल्द ही निर्माण कार्य पूरा कर सड़क को सुचारू कर दिया जाएगा, लेकिन विभागीय अधिकारियों की अनदेखी के चलते अब तक काम आगे नहीं बढ़ पाया है। सड़क पर ऊबड़-खाबड़ स्थिति और खोदे गए हिस्से के कारण आए दिन दुपहिया वाहन चालक संतुलन बिगड़ने से गिरकर चोटिल हो रहे हैं। वहीं सड़क किनारे स्थित दुकानदारों का कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। धूल-मिट्टी और अव्यवस्थित आवागमन से ग्राहकों को दुकानों तक पहुंचने में परेशानी हो रही है।
हैरानी की बात यह है कि समस्या के बावजूद विभागीय अधिकारी मौके की सुध नहीं ले रहे हैं। स्थानीय लोगों ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों से सड़क निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करवाने और तब तक आवागमन को सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक इंतजाम करने की मांग की है।
CMO Rajasthan Om Birla Heeralal Nagar #sangod #sangodnews
Sangod, Kota | Nov 14, 2026