आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश महोदया की मैराथन बैठक
आगामी 12 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाली वर्ष की अंतिम राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने तथा अधिकाधिक मामलों के सुलह एवं समझौते के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज दिनांक 27 नवंबर 2026 को माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश महोदया, मुजफ्फरपुर की अध्यक्षता में एक मैराथन बैठक आयोजित की गई।
इस क्रम में सर्वप्रथम विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की गई। इसके पश्चात परिवहन विभाग (डीटीओ) एवं ट्रैफिक विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक हुई। तीसरी बैठक जिले के सभी थाना प्रभारियों के साथ आयोजित की गई। इसके अतिरिक्त सभी न्यायिक अधिकारियों तथा सीजेएम स्तर के अधिकारियों एवं संबंधित पदाधिकारियों के साथ भी बैठक कर राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश महोदया ने विशेष रूप से इस बात पर बल दिया कि आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिकाधिक मामलों की पहचान कर उनका सुलह एवं समझौते के माध्यम से निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा लोक अदालत की सफलता के लिए आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने का निर्देश दिया।
थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए तैयार किए जा रहे नोटिसों का समय पर तामिला सुनिश्चित किया जाए, ताकि संबंधित पक्षकारों को ससमय सूचना प्राप्त हो सके और वे राष्ट्रीय लोक अदालत में उपस्थित होकर अपने वादों का निष्पादन करा सकें।
माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश महोदया ने आम जनता के नाम एक विशेष संदेश देते हुए अपील की कि सभी पक्षकार इस वर्ष की अंतिम राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिकतम लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि आपराधिक सुलहनीय मामले, दावा संबंधी मामले, टेलीफोन संबंधी मामले, बीमा संबंधी मामले, बैंक ऋण संबंधी मामले तथा पारिवारिक विवादों से जुड़े मामलों का निष्पादन राष्ट्रीय लोक अदालत में उपस्थित होकर कराया जा सकता है।
इस बार की राष्ट्रीय लोक अदालत को पिछली लोक अदालत की तुलना में अधिक सुव्यवस्थित एवं बेहतर बनाने के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। पिछली बार पक्षकारों को हुई असुविधाओं को ध्यान में रखते हुए इस बार महिलाओं, दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग-अलग सहायता एवं सुविधा काउंटर बनाए गए हैं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और वे सहज रूप से अपने मामलों का निष्पादन करा सकें।
माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश महोदया द्वारा एक महत्वपूर्ण सूचना भी दी गई कि दिनांक 7 दिसंबर से 11 दिसंबर 2026 तक 90 दिन पुराने यातायात चालान संबंधी मामलों का निःशुल्क सत्यापन जिला विधिक सेवा प्राधिकार, मुजफ्फरपुर के प्रांगण में किया जाएगा। ऐसे मामलों का निष्पादन दिनांक 12 दिसंबर 2026 को सिकंदरपुर स्टेडियम, मुजफ्फरपुर में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में किया जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार, मुजफ्फरपुर आम जनता से अपील करता है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं, अपने लंबित मामलों के समाधान हेतु राष्ट्रीय लोक अदालत में उपस्थित हों तथा आपसी सहमति और समझौते के माध्यम से विवादों का सरल, सुलभ एवं शीघ्र समाधान प्राप्त करें।
राष्ट्रीय लोक अदालत न्याय तक सहज पहुंच, समय की बचत तथा आपसी सौहार्दपूर्ण समाधान का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।