शकुराबाद व झुनाठी थाने का एसडीपीओ ने किया निरीक्षण, डायल-112 की व्यवस्था भी परखी
जहानाबाद : पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर ने शनिवार को शकुराबाद थाना एवं झुनाठी थाना का निरीक्षण किया। इस दौरान ओडी ड्यूटी, संतरी गार्ड ड्यूटी सहित थाना के विभिन्न अभिलेखों की जांच की गई। ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों की सतर्कता और कार्यप्रणाली का भी जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान थाना परिसर में सुरक्षा व्यवस्था, ड्यूटी संचालन तथा अभिलेखों के संधारण से संबंधित आवश्यक बिंदुओं की समीक्षा की गई। पदाधिकारियों को ड्यूटी के दौरान सतर्क रहने और थाने में आने वाले लोगों की समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने डायल-112 के चन्धरियां मोड़ स्थित स्थल का भी निरीक्षण किया। आपातकालीन पुलिस सेवा को और अधिक प्रभावी एवं त्वरित बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने डायल-112 की कार्यप्रणाली और आपात स्थिति में त्वरित पुलिस पहुंच सुनिश्चित करने पर जोर दिया।