सड़क किनारे अतिक्रमण पर चला प्रशासन का डंडा, ठेले-गुमटियां हटाईं
जहानाबाद : शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने के लिए शनिवार को जिला प्रशासन की ओर से अभियान चलाया गया। एसडीओ राजीव कुमार के नेतृत्व में अस्पताल मोड़ से अरवल मोड़ तक सड़क के दोनों किनारों पर कार्रवाई की गई। इस दौरान सड़क की नापी कराकर अतिक्रमित हिस्से को खाली कराया गया।
अभियान के दौरान सड़क किनारे लगाए गए ठेले, गुमटी और अन्य अस्थायी दुकानों को हटाया गया। अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सड़क की जमीन पर किसी तरह का कारोबार नहीं किया जाए। प्रशासन ने कहा कि सड़क पर दुकान या सामान लगाने से यातायात प्रभावित होता है और आम लोगों को आवागमन में परेशानी होती है।
एसडीओ राजीव कुमार ने बताया कि शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। सड़क किनारे कारोबार करने वाले दुकानदारों को निर्धारित स्थान पर ही दुकान लगाने की हिदायत दी गई है।
प्रशासन ने चेतावनी दी कि कार्रवाई के बाद दोबारा सड़क की जमीन पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना भी लगाया जा सकता है। अधिकारियों ने दुकानदारों से स्वयं अतिक्रमण हटाकर प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।