दीपावली और छठ को लेकर प्रशासन अलर्ट, घाटों का होगा भौतिक निरीक्षण
भीड़भाड़ और संवेदनशील स्थानों पर तैनात रहेगी अतिरिक्त पुलिस बल, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
आरा। आगामी दीपावली और छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में शांति समिति की बैठक हुई। अध्यक्षता जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से की। बैठक में जिले की विधि-व्यवस्था और सुरक्षा तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले छठ घाटों, पूजा स्थलों और संवेदनशील स्थानों की स्थिति की जानकारी ली गई।
बैठक में छठ घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी, बैरिकेडिंग, आवागमन और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर विशेष चर्चा हुई। डीएम और एसपी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सभी छठ घाटों और पूजा स्थलों का भौतिक निरीक्षण कर आवश्यक तैयारियां समय से पूरी कराएं। घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।
भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती करने के साथ नियमित गश्ती और निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। वहीं, यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और पर्व के दौरान लोगों को आवागमन में परेशानी नहीं हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।
अधिकारियों को असामाजिक तत्वों पर नजर रखने, अफवाह और भ्रामक सूचनाएं फैलाने वालों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। बैठक में पुलिस उपाधीक्षक यातायात, पुलिस उपाधीक्षक साइबर, एसडीपीओ सदर-02, आरा नगर एवं नवादा थानाध्यक्ष, यातायात थानाध्यक्ष सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी और कर्मी मौजूद थे।