युवा महोत्सव में लोकनृत्य, गायन और नुक्कड़ नाटक से दिखाई प्रतिभा
राज्य स्तरीय युवा उत्सव में भोजपुर का प्रतिनिधित्व करेंगे प्रथम और द्वितीय स्थान पाने वाले प्रतिभागी, नशामुक्ति की दिलाई गई शपथ
आरा। शहर के नागरी प्रचारिणी सभा में शुक्रवार को जिला स्तरीय युवा महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया गया। कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार और जिला प्रशासन भोजपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित महोत्सव में जिले के युवाओं ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी मनेश कुमार मीणा मुख्य अतिथि और पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
महोत्सव में समूह लोक नृत्य, समूह लोक गायन, चित्रकला, कविता लेखन और नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न विधाओं में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से बिहार की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपरा और सामाजिक सरोकारों को जीवंत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि युवा महोत्सव युवाओं को अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता प्रदर्शित करने का बेहतर मंच प्रदान करता है। युवाओं को अपनी कला और कौशल को लगातार निखारते हुए जिले और राज्य का नाम रोशन करना चाहिए।
महोत्सव की विभिन्न विधाओं में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय युवा उत्सव में भोजपुर जिले का प्रतिनिधित्व करने के लिए किया जाएगा। इससे जिले के प्रतिभाशाली युवाओं को राज्य स्तर पर अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा।
वहीं, नशामुक्त बिहार अभियान के तहत कार्यक्रम में नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। पदाधिकारियों, प्रतिभागियों और उपस्थित लोगों ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। मौके पर विशेष कार्य पदाधिकारी, सिविल सर्जन, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, सहायक आयुक्त मद्यनिषेध, जिला प्रबंधक राज्य खाद्य निगम सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे।