एसपी ने कृष्णागढ़ थाना का किया निरीक्षण, लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन का दिया निर्देश
अभिलेखों, मालखाना, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, अपराध नियंत्रण के लिए रात्रि गश्ती बढ़ाने पर दिया जोर
आरा। भोजपुर के पुलिस अधीक्षक ने शुक्रवार, 30 अक्टूबर को कृष्णागढ़ थाना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने की कार्यप्रणाली, लंबित कांडों की स्थिति, अनुसंधान की प्रगति और क्षेत्र में विधि-व्यवस्था संधारण की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के क्रम में एसपी ने थाना के अभिलेखों के रख-रखाव, परिसर की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, मालखाना और गश्ती वाहनों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने लंबित कांडों की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को अनुसंधान में तेजी लाने और सभी मामलों का नियमानुसार समयबद्ध निष्पादन करने का निर्देश दिया।
एसपी ने थाने में आने वाले फरियादियों की शिकायतों को संवेदनशीलता से सुनने और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस-पब्लिक के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना जरूरी है।
वहीं, अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में प्रभावी गश्ती बढ़ाने का निर्देश दिया। संवेदनशील इलाकों में नियमित और रात्रि गश्ती करने के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने को कहा।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-02, कृष्णागढ़ थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।
Jagdishpur, Bhojpur | Oct 31, 2026