कार में छिपाकर केदारनाथ मार्ग पर ले जा रहे थे 10 पेटी शराब, सोनप्रयाग में पुलिस ने दबोचा,
स्विफ्ट डिजायर की तलाशी में 72 बोतल, 24 हाफ और 144 पव्वे बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार, तस्करी में प्रयुक्त कार सीज,
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर अवैध शराब पहुंचाने की कोशिश को सोनप्रयाग पुलिस ने नाकाम कर दिया। चेकिंग के दौरान पुलिस ने स्विफ्ट डिजायर कार से 10 पेटी अवैध शराब बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब में 72 बोतल, 24 हाफ और 144 पव्वे शामिल हैं। शराब के परिवहन में प्रयुक्त वाहन को भी पुलिस ने सीज कर दिया।
पुलिस के अनुसार, सोमवार को सोनप्रयाग क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान वाहन संख्या UK10-5758 को पुलिस टीम ने रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार के भीतर बड़ी मात्रा में शराब बरामद होने से पुलिस भी हैरान रह गई। जांच में कुल 10 पेटी अवैध शराब मिली।
मामले में पुलिस ने जयवीर सिंह पुत्र सतेसिंह, निवासी ग्राम ललूड़ी, जनपद रुद्रप्रयाग को गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध कोतवाली सोनप्रयाग में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
यात्रा मार्ग पर तस्करी की कोशिश, पुलिस की सतर्कता से खुला खेल,,
केदारनाथ यात्रा मार्ग पर अवैध शराब के परिवहन को लेकर पुलिस की निगरानी लगातार बढ़ाई जा रही है। चेकिंग के दौरान कार में इतनी बड़ी मात्रा में शराब मिलने से यह भी स्पष्ट हुआ कि तस्कर पुलिस की नजर से बचने के लिए निजी वाहनों का इस्तेमाल कर रहे हैं। हालांकि सोनप्रयाग पुलिस की सतर्कता के चलते शराब को आगे पहुंचाने की कोशिश सफल नहीं हो सकी।
पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर ने कहा कि ने कहा कि जनपद में अवैध शराब के परिवहन, तस्करी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। संदिग्ध वाहनों की चेकिंग और निगरानी को और प्रभावी बनाया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सोनप्रयाग में हुई यह कार्रवाई ऐसे समय में सामने आई है, जब केदारनाथ यात्रा मार्ग पर यात्रियों की आवाजाही के बीच सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर विशेष जोर दिया जा रहा है। पुलिस की कार्रवाई से अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों में खलबली मची है।