पशुलोक बैराज में मिला अज्ञात महिला का शव!! SDRF टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बैराज से शव निकाला, शिनाख्त में जुटी सिविल पुलिस!!
ऋषिकेश के पशुलोक बैराज में सोमवार को एक अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को बैराज से बाहर निकाला और आवश्यक कार्रवाई के लिए सिविल पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को SDRF पोस्ट ढालवाला को पशुलोक बैराज में एक शव दिखाई देने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही उप निरीक्षक पंकज खरोला के नेतृत्व में SDRF टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। टीम ने पशुलोक बैराज पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
कड़ी मशक्कत के बाद SDRF जवानों ने बैराज से शव को सुरक्षित बाहर निकाला। बरामद शव एक अज्ञात महिला का है, जिसकी उम्र करीब 50 वर्ष बताई जा रही है। शव की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।
SDRF टीम ने शव को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद आवश्यक कार्रवाई के लिए सिविल पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस द्वारा महिला की शिनाख्त कराने के साथ ही घटना से संबंधित अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।