केदारनाथ हाईवे के चीरबासा में फिर आया मलबा-पत्थर, पैदल मार्ग बंद!!
सोनप्रयाग-गौरीकुंड से सोमवार आज केदारनाथ के लिए यात्रियों की आवाजाही रोकी, धाम से लौट रहे श्रद्धालुओं को सुरक्षित पड़ावों पर ठहराया!!
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ पैदल मार्ग पर चीरबासा के पास सोमवार को दोबारा मलबा और पत्थर आने से मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। मार्ग की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने आज सोमवार को सोनप्रयाग और गौरीकुंड से केदारनाथ धाम की ओर यात्रियों को आगे नहीं भेजने का निर्णय लिया है। वहीं, केदारनाथ धाम से लौट रहे श्रद्धालुओं को सुरक्षा के दृष्टिगत बीच के सुरक्षित पड़ावों पर रोका जा रहा है।
गौरीकुंड से करीब 2.5 किलोमीटर ऊपर चीरबासा के पास बीते दिनों भारी बारिश से पैदल मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया था। सोमवार सुबह से यहां मार्ग के सुदृढ़ीकरण और मरम्मत का कार्य किया जा रहा था। इस दौरान केदारनाथ धाम से वापस लौट रहे यात्रियों को भी सुरक्षित तरीके से मार्ग पार कराया जा रहा था।
इसी बीच बारिश के कारण चीरबासा के पास अचानक मलबा और पत्थर आने से पैदल मार्ग पूरी तरह बंद हो गया। मार्ग की वर्तमान स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने यात्रियों की आवाजाही रोक दी है। प्रशासन का कहना है कि मार्ग की स्थिति सामान्य होने और यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित होने के बाद ही आगे की यात्रा की अनुमति दी जाएगी।
प्रशासन और पुलिस ने केदारनाथ जाने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सोनप्रयाग और गौरीकुंड में ही रुकें तथा मार्ग की स्थिति सामान्य होने तक आगे जाने का प्रयास न करें। यात्रियों से सुरक्षा के दृष्टिगत प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
यात्रियों की सुरक्षा और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए रुद्रप्रयाग पुलिस एवं प्रशासन की टीमें मौके पर तैनात हैं और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
Rudraprayag, Rudraprayag | Sep 28, 2026