*जिला निर्वाचन अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने लिया मतदान प्रक्रिया का लिया जायजा*
*मतदान केंद्रो पर सरपंच व पंच मतदान की व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण*
डीडवाना-कुचामन, 16 नवंबर।
जिले में पंचायतीराज आम चुनाव के चतुर्थ चरण के तहत सोमवार को चार पंचायत समितियों की ग्राम पंचायतों में सरपंच एवं पंच पदों के लिए शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी अवधेश मीना एवं पुलिस अधीक्षक डॉ प्यारेलाल शिवरान ने लाडनूं क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने लाडनूं के सिंघाना,बाकलिया, बालसमन्द,लेडी,रोडू,कसुम्बी व जसवंतगढ़ में मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान प्रक्रिया की बारीकी से जांच की। उन्होंने पीठासीन अधिकारियों एवं मतदान दलों से चर्चा कर मतदान प्रतिशत, मतपेटियों की स्थिति, बिजली, पानी, छाया तथा दिव्यांग एवं वरिष्ठ मतदाताओं के लिए की गई सुविधाओं तथा मतदान पश्चात मतगणना की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्रों पर तैनात कार्मिकों को राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने और निष्पक्ष व पारदर्शी मतदान संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदाताओं से भी संवाद कर निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।
वहीं, पुलिस अधीक्षक ने मतदान केंद्रों के बाहर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने तैनात पुलिस जाप्ते को सतर्क रहने, कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा मतदान केंद्र की निर्धारित परिधि में अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने देने के सख्त निर्देश दिए। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने पर भी जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित उपखंड अधिकारी, तहसीलदार, विकास अधिकारी एवं पुलिस उपाधीक्षक सहित अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
Didwana, Nagaur | Nov 16, 2026