दवा की आड़ में विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद, 40 लाख की शराब जब्त
मुजफ्फरपुर बिहार में शराबबंदी कानून के तहत उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दवा और मस्टर्ड ऑयल की आड़ में तस्करी कर ले जाई जा रही विदेशी शराब की खेप बरामद की है। मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र के संगम घाट के समीप हरियाणा नंबर के एक कंटेनर को रोककर तलाशी ली गई। इसमें ब्रांडेड दवाइयों और मस्टर्ड ऑयल के कार्टून के बीच छिपाकर रखी गई शराब बरामद हुई। मौके से कंटेनर चालक को गिरफ्तार किया गया है।
बताया गया कि उत्पाद विभाग के इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार को सूचना मिली थी कि हरियाणा से कंटेनर में शराब की बड़ी खेप लोड कर मुजफ्फरपुर के रास्ते दरभंगा ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने संगम घाट के समीप घेराबंदी कर कंटेनर को जांच के लिए रोका।
तलाशी के दौरान कंटेनर के चारों तरफ दवाइयों के कार्टून रखे मिले, जबकि इनके बीच मस्टर्ड ऑयल के कार्टून में विदेशी शराब की बोतलें छिपाई गई थीं। उत्पाद विभाग ने शराब समेत कंटेनर को जब्त कर लिया। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार चालक से पूछताछ की जा रही है। उत्पाद विभाग की टीम यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप हरियाणा में कहां से लोड की गई थी और दरभंगा में किस कारोबारी को इसकी आपूर्ति की जानी थी। तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए भी जांच जारी है।