ठोरा नदी से अंशु का शव बरामद, घर पहुंचते ही मचा कोहराम
रोहतास जिले के दावथ थाना क्षेत्र के बक्सर बॉर्डर स्थित पंच दरवा पुल के समीप काव नदी में शनिवार की शाम डूबी 14 वर्षीय अंशु कुमारी का शव रविवार की सुबह बक्सर जिले सिकरौल थाना क्षेत्र के मनहथा गांव के समीप ठोरा नदी से बरामद किया गया। एनडीआरएफ की टीम ने काफी देर तक खोजबीन के बाद शव को नदी से बाहर निकाला। शव घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
अंशु का शव देखते ही उसकी दादी बेसुध हो गईं। वह बार-बार अंशु का नाम लेकर उसे पुकार रही थीं। दादी की आंखें अब भी अपनी नातिन को खोज रही थीं। वह बार-बार कह रही थीं, “पुल के नीचे मेरी नातिन बैठी है...” और अंशु को देखने के लिए बेचैन हो उठती थीं। पोती की मौत का सदमा दादी सह नहीं पा रही थीं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
धवई गांव निवासी जितेंद्र सिंह की 12 वर्षीय पुत्री अंशु कुमारी जीउतिया पर्व के अवसर पर अपनी दादी और घर की अन्य महिलाओं के साथ नदी में स्नान करने गई थी। स्नान के दौरान तेज बहाव की चपेट में आने से वह नदी में बह गई थी। घटना के बाद स्थानीय गोताखोरों और एनडीआरएफ की टीम ने उसकी तलाश शुरू की थी।
इसी दौरान धवई गांव निवासी भीम सिंह की 10 वर्षीय पुत्री काजल कुमारी भी नदी के तेज बहाव में बह गई थी। उसकी तलाश जारी है। घटना की सूचना पर दावथ अंचलाधिकारी गौरव कुमार और राजस्व पदाधिकारी विकास कुमार पंडित मौके पर पहुंचे थे।