दुःखद समाचार 😭 #नंदानगर #चमोली - रामणी गांव में रामलीला मंच के पीछे दो किशोरों के शव मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी।
नंदानगर विकासखंड के रामणी गांव में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के मेले के मंच के पीछे एक युवक और युवती के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिले, दोनों के शव रेलिंग से फंदे पर लटके हुए थे, घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार को कुछ ग्रामीण छानी से अपने घरों की ओर लौट रहे थे, इसी दौरान उनकी नजर रामलीला मंच के पीछे रेलिंग पर पड़ी, जहां दोनों के शव दिखाई दिए, ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना ग्राम प्रधान सहित स्थानीय लोगों को दी, इसके बाद नंदानगर थाना पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
मृतकों की पहचान रिया, पुत्री सूरज लाल और सुनील, पुत्र कुंवर लाल के रूप में बताई गई है, ग्रामीणों के अनुसार दोनों मंगलवार को गांव में आयोजित मेले के आस-पास देखे गए थे, इसके बाद दोनों के शव मिलने से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं, ग्राम प्रधान कुंवर लाल ने बताया कि मेला मंच गांव से कुछ दूरी पर स्थित है और उसके आस-पास जूनियर हाईस्कूल भी है, रात में हुई बारिश के चलते घटना की जानकारी लोगों को सुबह मिली।
प्रारंभिक जानकारी में मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि घटना की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है, दोनों छात्र-छात्राओं के बारे में बताया गया है कि रिया कक्षा 11 और सुनील कक्षा 12 में राजकीय इंटर कॉलेज बूरा में अध्ययनरत थे।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है, मौत के वास्तविक कारणों और घटना के पीछे की परिस्थितियों का खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।