असम में बाढ़ ने हजारों परिवारों की जिंदगी मुश्किल में डाल दी है। घर-बार उजड़ने और रोजमर्रा की जरूरतों के लिए जूझ रहे बाढ़ पीड़ितों की पीड़ा अब हिमालय की चोटियों तक पहुंची है।
संकट की इस घड़ी में उत्तराखंड ने संवेदनाओं की सीमाएं तोड़ते हुए असम की ओर मदद का हाथ बढ़ाया है। भारतीय रेडक्रास सोसायटी की उत्तराखंड राज्य शाखा की पहल पर शुरू किए गए विशेष डोनेशन ड्राइव में प्रदेश की जिला इकाइयां आगे आई हैं। रुद्रप्रयाग जिला रेडक्रास सोसायटी ने भी अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के माध्यम से असम बाढ़ पीड़ितों के लिए 21 हजार रुपये की आर्थिक सहायता असम रेडक्रास सोसायटी को भेजी है।
उत्तराखंड रेडक्रास के राज्य चेयरमैन ओंकार बहुगुणा और राज्य मैनेजिंग कमेटी की प्रेरणा एवं पहल पर प्रदेशभर में यह अभियान शुरू किया गया। उद्देश्य साफ है—आपदा से जूझ रहे असम के लोगों तक यह संदेश पहुंचाना कि मुश्किल की घड़ी में वे अकेले नहीं हैं। अभियान के समन्वय की जिम्मेदारी कुमाऊं मंडल में दीपक पाठक और गढ़वाल मंडल में अजय सेमवाल ने संभाली।