फ्लाईओवर से केबल चोरी, एक किलोमीटर तक स्ट्रीट लाइटें ठप
वाराणसी के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र स्थित फ्लाईओवर से करीब चार लाख रुपये मूल्य की इलेक्ट्रिक एवं ऑप्टिकल फाइबर (ओएफसी) केबल चोरी होने का मामला सामने आया है। चोरी के कारण फ्लाईओवर के लगभग एक किलोमीटर हिस्से में लगी स्ट्रीट लाइटें बंद हो गई हैं, जिससे रात में आवागमन करने वाले लोगों को परेशानी हो रही है। SIMS कंपनी में रोड पेट्रोलिंग ऑफिसर हरिओम चौबे की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। तहरीर के अनुसार निरीक्षण के दौरान 45 से 50 पोलों से केबल गायब मिली। जांच में पता चला कि चोर इलेक्ट्रिक केबल के साथ ओएफसी केबल भी काटकर ले गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शुक्रवार सुबह लगभग 11 बजे मामला दर्ज कर घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।