भिखारीपुर में दो ट्रकों की भीषण टक्कर, चालक की हालत गंभीर, दो घंटे लगा जाम
वाराणसी के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के भिखारीपुर गांव के समीप शनिवार की दोपहर करीब 12 बजे दो ट्रकों में आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक ट्रक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसकी नाजुक हालत देखते हुए उसे सरकारी एंबुलेंस से बीएचयू ट्रामा सेंटर भेजा गया।
बताया गया कि प्रयागराज की ओर से वाराणसी की तरफ जा रहा ट्रक जैसे ही भिखारीपुर के सामने पहुंचा, तभी वाराणसी से प्रयागराज की ओर जा रहे दूसरे ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में प्रयागराज की ओर से आ रहे ट्रक के चालक टीटू पुत्र श्रीकांत, निवासी नगला रंजीत, थाना जसराना, जनपद फिरोजाबाद, गंभीर रूप से घायल हो गया
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों ट्रक क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना के बाद हाईवे पर दोनों दिशाओं में वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे प्रयागराज और वाराणसी की ओर करीब दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना पर पहुंची मिर्जामुराद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभाली। बाद में क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रकों को हाईवे से किनारे कराया , जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।