#भरतपुर। जिले में आगामी नगर निकाय चुनावों की तैयारियों और रणनीतिक समीक्षा को लेकर कांग्रेस संगठन की महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की गईं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव तथा जिला प्रभारी देशराज मीणा और जिलाध्यक्ष दिनेश सूपा ने भरतपुर, बयाना, रूपवास तथा नदबई ब्लॉक का संयुक्त दौरा कर कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित किया। बैठकों के दौरान कांग्रेस नेताओं ने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतरने और संगठन की जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष दिनेश सूपा ने स्थानीय स्थिति का ब्योरा प्रस्तुत करते हुए प्रत्येक वार्ड स्तर पर कमेटियों के गठन का सुझाव दिया और जमीनी स्तर पर जनसंपर्क तेज करने की बात कही। जिला प्रभारी देशराज मीणा ने स्पष्ट किया कि संगठन में सक्रियता और निष्ठा दिखाने वाले कार्यकर्ताओं को ही आगामी चुनावों में प्राथमिकता दी जाएगी। सांसद संजना जाटव ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भरतपुर जिले में कांग्रेस का बोर्ड बनाने के लिए पूर्ण मनोयोग से जुटने को कहा। ब्लॉक स्तर पर आयोजित इन बैठकों में भारी संख्या में दावेदारों ने अपनी दावेदारी पेश करते हुए आवेदन सौंपे। कार्यक्रम में जिला संगठन महासचिव योगेश सिंघल, शहर अध्यक्ष दयाचंद पचौरी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष चुन्नी कप्तान, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष बबीता शर्मा सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।