#भरतपुर। जिले में रूपवास थाना क्षेत्र के अंतर्गत धौलपुर-भरतपुर नेशनल हाईवे के पास स्थित चैंकोरा मार्ग पर चोरों ने दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात चोरों ने एक परचून और एक जूता-चप्पल की दुकान की छत की बाउंड्री तोड़कर तथा पट्टियां हटाकर अंदर प्रवेश किया। पीड़ित दुकानदार नवाब पुत्र किशन सिंह ने बताया कि दुकान की छत पर जाने का कोई सीधा रास्ता नहीं होने के बावजूद चोरों ने चालाकी से घटना को अंजाम दिया। चोर दुकानों से लाखों रुपये का सामान और गल्ले में रखे 3 हजार रुपये नकद चुरा ले गए। घटना की सूचना मिलने पर रूपवास थानाधिकारी विनोद मीणा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित के अनुसार, उनकी दुकानों में पहले भी चोरी हो चुकी है। नेशनल हाईवे के इतने करीब हुई इस बड़ी चोरी से स्थानीय व्यापारियों में गहरा रोष और असुरक्षा की भावना व्याप्त है।