#भरतपुर। आगामी नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीना के निर्देशन में जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के लिए व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने भरतपुर, बयाना, नदबई, वैर, भुसावर, हलैना और रुदावल के मुख्य बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में मार्च कर आमजन को सुरक्षा का विश्वास दिलाया। पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी और अफवाहों से बचने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि चुनाव प्रक्रिया में बाधा डालने या कानून-व्यवस्था बिगड़ने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।