#SewaSankalpAbhiyan के तहत पॉलीटेक्निक कॉलेज में साइबर सुरक्षा पर व्याख्यान
छात्रों को साइबर अपराधों से बचाव के बताए उपाय, चित्रकला प्रतियोगिता के विजेता हुए सम्मानित
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय, मुरैना में साइबर सुरक्षा विषय पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ई-दक्ष केन्द्र, जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी के वरिष्ठ प्रशिक्षक श्री विज्ञान अग्रवाल ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों, डिजिटल अरेस्ट, फिशिंग, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया हैकिंग एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के विभिन्न उपायों की जानकारी दी।
श्री अग्रवाल ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की समझाइश देते हुए कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, पासवर्ड, बैंक खाते से संबंधित जानकारी अथवा निजी जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि डिजिटल अरेस्ट जैसी कोई कानूनी व्यवस्था नहीं है। यदि किसी व्यक्ति को संदिग्ध कॉल, संदेश अथवा वीडियो कॉल के माध्यम से डराने या दबाव बनाने का प्रयास किया जाता है, तो घबराने के बजाय तत्काल कॉल काट दें और संबंधित विभाग अथवा संस्था से स्वयं संपर्क कर जानकारी की पुष्टि करें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य श्री मनोज कुमार सक्सेना ने की। उन्होंने कहा कि बदलते तकनीकी परिवेश में विद्यार्थियों के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता के साथ-साथ साइबर सुरक्षा की जानकारी होना भी आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से तकनीक का उपयोग ज्ञान, नवाचार एवं राष्ट्रहित में करने का आह्वान किया तथा साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहकर दूसरों को भी जागरूक करने की बात कही।
इस अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित चित्रकला प्रतियोगिताओं के विजेता अंकित, गुलशन कुमार, हरीशचन्द्र प्रजापति, केतन, शिवम शाक्य, संजीव कुमार सोलंकी एवं विवेक प्रजापति को प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में नोडल अधिकारी श्री दिलीप गांगिल एवं श्री कपिल राजे सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh