#SewaSankalpAbhiyan
#MereSapnoKaBharat विषय पर जिला स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित
छात्र-छात्राओं ने चित्रों और वक्तव्यों के माध्यम से विकसित भारत की परिकल्पना को किया अभिव्यक्त
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय कन्या महाविद्यालय, मुरैना में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर जिला स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राम लखन धाकड़ के निर्देशन में आयोजित प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विकसित भारत की अपनी परिकल्पना को चित्रों एवं विचारों के माध्यम से प्रस्तुत किया।
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में शासकीय कन्या महाविद्यालय मुरैना, पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस (शासकीय पीजी) महाविद्यालय मुरैना, शासकीय महाविद्यालय जौरा तथा शासकीय महाविद्यालय कैलारस के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता एवं अभिव्यक्ति कौशल को प्रोत्साहित करने के साथ राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करना तथा उन्हें अपने सपनों के भारत की कल्पना को रचनात्मक एवं प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के लिए मंच प्रदान करना रहा।
प्रतिभागियों ने चित्रकला एवं भाषण के माध्यम से विकसित भारत की संकल्पना को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने शिक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, तकनीकी प्रगति, सामाजिक समरसता एवं राष्ट्र के समग्र विकास जैसे विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए।
चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान तरंग तोमर, सीपीएस कॉलेज मुरैना, द्वितीय स्थान आरती गुप्ता, शासकीय कन्या अग्रणी महाविद्यालय तथा तृतीय स्थान गौरव धाकड़, शासकीय महाविद्यालय जौरा ने प्राप्त किया। इसी प्रकार भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान रौनक यादव, पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस (शासकीय पीजी) महाविद्यालय मुरैना, द्वितीय स्थान खुशी दंडोतिया, शासकीय कन्या अग्रणी महाविद्यालय तथा तृतीय स्थान अंशिका गर्ग, आचार्य नरेन्द्र देव महाविद्यालय कैलारस ने प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में निर्णायक के रूप में डॉ. अंकित दीक्षित, श्री मिलन रावत एवं डॉ. कल्पना शर्मा ने अपनी भूमिका निभाई। कार्यक्रम का आयोजन डॉ. रजनी कुमारी के निर्देशन एवं समन्वय में किया गया। आयोजन को सफल बनाने में नोडल अधिकारी श्रीमती प्रियंका शर्मा सहित महाविद्यालय के समस्त स्टाफ का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। प्रतियोगिता का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh