शासकीय महाविद्यालय जौरा में जिला स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता आयोजित
पुरुष वर्ग में शासकीय महाविद्यालय जौरा एवं महिला वर्ग में शासकीय विधि महाविद्यालय मुरैना की टीम रही विजेता
मध्यप्रदेश उच्च शिक्षा विभाग के मार्गदर्शन में जिला स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता का आयोजन शासकीय महाविद्यालय जौरा में उत्साह एवं खेल भावना के साथ किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों की पुरुष एवं महिला टीमों ने सहभागिता की। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं खेल भावना का परिचय दिया।
प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में शासकीय महाविद्यालय जौरा की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मुरैना की टीम द्वितीय स्थान पर रही। वहीं महिला वर्ग में शासकीय विधि महाविद्यालय मुरैना की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेता टीमों एवं खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और उत्कृष्ट प्रदर्शन से प्रतियोगिता में अपनी खेल क्षमता का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में शासकीय विधि महाविद्यालय मुरैना से डॉ. भावना बघेल, शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मुरैना से श्री नीरज गुर्जर तथा शासकीय महाविद्यालय विजयपुर से डॉ. बृजमोहन शर्मा उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, प्रतिस्पर्धा की भावना एवं आत्मविश्वास विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
इस अवसर पर शासकीय महाविद्यालय जौरा के प्राचार्य डॉ. एच. एन. सिंह हाड़ा ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व एवं सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास एवं टीम भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताओं में जीत-हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना, अनुशासन और निरंतर प्रयास है। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर सहभागिता करनी चाहिए, क्योंकि खेल स्वस्थ शरीर के साथ स्वस्थ एवं सकारात्मक व्यक्तित्व के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में क्रीड़ा प्रभारी प्रो. रमेश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम का संचालन डॉ. नीलम राजपूत ने किया तथा आभार प्रदर्शन डॉ. दिनेश कुमार ने किया।
कार्यक्रम में डॉ. सी. पी. विमल, प्रो. अशोक कुमार, प्रो. प्रफुल्ल भौमिक, प्रो. जितेंद्र कुमार साकेत, डॉ. अंकिता मिश्रा, डॉ. सुधीर कुमार पाठक, श्री प्रशांत शर्मा, श्री ब्रजेश कुमार शाक्य, श्री हेमंत पाराशर, श्री राजकुमार सिंह, श्री अरुण एवं श्री आशु सहित महाविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारी एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के दौरान उपस्थित महाविद्यालयीन स्टाफ एवं खिलाड़ियों ने सभी प्रतिभागी टीमों का उत्साहवर्धन किया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें उच्च स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना रहा।
#JansamparkMP #Morena #morena2026 #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh