#SewaSankalpAbhiyan के तहत आंगनबाड़ी केन्द्रों पर आयोजित हुआ ‘आंगनबाड़ी मिलन सेवा’ कार्यक्रम
बच्चों, महिलाओं एवं हितग्राहियों का स्वास्थ्य परीक्षण, स्वच्छता जागरूकता और कुपोषण मुक्ति का दिलाया संकल्प
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास श्री ओम प्रकाश पाण्डेय के निर्देशन में परियोजना मुरैना ग्रामीण के अंतर्गत जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केन्द्रों पर ‘आंगनबाड़ी मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी केन्द्रों के माध्यम से बच्चों, महिलाओं एवं अन्य हितग्राहियों को विभागीय सेवाओं से जोड़ते हुए स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता तथा जनभागीदारी के प्रति जागरूक करना रहा।
इसी क्रम में आंगनबाड़ी केन्द्र क्रमांक 225 जिगनी एवं अजनौधा में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद अध्यक्ष श्री मोहर सिंह कंसाना, महिला एवं बाल विकास स्वास्थ्य समिति की अध्यक्ष श्रीमती राजकुमारी नकुल तोमर, जनपद सदस्य श्री अजब सिंह, श्रीमती माया गिर्राज रसीलपुर, श्री गिर्राज राजोरिया रसीलपुर तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की संयुक्त संचालक, चम्बल संभाग श्रीमती रेखा सिंघल अग्रवाल ने बच्चों, महिलाओं एवं योजना के हितग्राहियों का स्वागत कर किया।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं विभागीय अधिकारियों द्वारा आंगनबाड़ी केन्द्र परिसर में वृक्षारोपण किया गया। स्वच्छता अभियान के अंतर्गत उपस्थित बच्चों, महिलाओं एवं ग्रामीणों को स्वच्छता के महत्व से अवगत कराते हुए अपने आसपास स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के संदेशों का वाचन किया गया तथा वीडियो के माध्यम से संदेशों का प्रसारण कर उपस्थित जनसमुदाय को शासन की योजनाओं एवं जनकल्याणकारी संदेशों की जानकारी दी गई।
संयुक्त संचालक श्रीमती रेखा सिंघल अग्रवाल ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान किया। उन्होंने आंगनबाड़ी केन्द्र क्रमांक 225 जिगनी, अजनौधा तथा नवीन आंगनबाड़ी भवन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने केन्द्रों पर बच्चों एवं हितग्राहियों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं तथा पोषण संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों द्वारा बच्चों को फल एवं मिठाइयों का वितरण किया गया। साथ ही महिलाओं एवं बच्चों से पोषण तथा कुपोषण के विषय में संवाद कर स्वस्थ एवं सुपोषित समाज के निर्माण के लिए आवश्यक प्रयास करने का संकल्प दिलाया गया। स्वास्थ्य परीक्षण शिविर के अंतर्गत उपस्थित हितग्राहियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम के माध्यम से आंगनबाड़ी केन्द्रों को समुदाय से जोड़ते हुए बच्चों एवं महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी एवं जनभागीदारी का संदेश दिया गया।
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh