#SevaSankalpAbhiyan के तहत 333 आंगनबाड़ी केन्द्रों पर हुआ ‘आंगनबाड़ी मिलन समारोह’
बच्चों को फल एवं मिठाई वितरित, गर्भवती एवं धात्री माताओं का कराया स्वास्थ्य परीक्षण
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास श्री ओम प्रकाश पांडे के मार्गदर्शन में परियोजना पोरसा के सभी 333 आंगनबाड़ी केन्द्रों पर ‘आंगनबाड़ी मिलन समारोह’ आयोजित किया गया। समारोह के माध्यम से बच्चों, महिलाओं एवं हितग्राहियों को स्वास्थ्य, पोषण एवं नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक करते हुए आंगनबाड़ी केन्द्रों को जनभागीदारी से जोड़ने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया गया। इस अवसर पर आंगनबाड़ी केन्द्र परिसरों में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। साथ ही बच्चों को फल एवं मिठाई वितरित की गई। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं द्वारा बच्चों एवं हितग्राहियों को पोषण से संबंधित आवश्यक जानकारी भी दी गई।
समारोह के दौरान उपस्थित गर्भवती एवं धात्री माताओं का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा माताओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता तथा नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व की जानकारी देते हुए आवश्यक परामर्श दिया गया। महिलाओं को गर्भावस्था एवं प्रसव के बाद स्वयं तथा शिशु के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने के लिए भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, आशा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं हितग्राही उपस्थित रहे। आंगनबाड़ी मिलन समारोह के माध्यम से बच्चों एवं महिलाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण को लेकर समुदाय की सहभागिता बढ़ाने तथा स्वस्थ एवं सुपोषित परिवार के निर्माण का संदेश दिया गया।
#JansamparkMP #Morena #morena2026 Directorate Women and Child Development, MP Jansampark Madhya Pradesh
Morena, Madhya Pradesh | Sep 26, 2026