*55 जिलों की पवित्र माटी से भोपाल में रोपे जाएंगे 55 संकल्प वृक्ष*
*संकल्प वृक्ष के लिए वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की समाधि स्थल से संग्रहित की गई पवित्र माटी*
*एनसीसी कैडेट्स ने वीरभूमि से मिट्टी संग्रहित कर सैन्य प्रतिनिधि को किया हस्तांतरित*
संकल्प वृक्ष कार्यक्रम के अंतर्गत आज वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी के समाधि स्थल से पवित्र माटी का विधिवत संग्रहण किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ तहसीलदार श्री ब्रजभान सिंह मार्को ने समाधि स्थल पर माल्यार्पण कर किया। इसके पश्चात पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय के एनसीसी कैडेट्स ने वीरभूमि से मिट्टी संग्रहित कर उसे सुरक्षित पैकेट में रखा।
एनसीसी कैडेट्स ने मिट्टी का पैकेट तहसीलदार श्री ब्रजभान सिंह मार्को को सौंपा। इसके बाद तहसीलदार श्री मार्को एवं पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती अल्का विश्वकर्मा ने संग्रहित माटी का पैकेट 4 एमपी सीटीआर यूनिट से आए नायब सूबेदार श्री गणेश गिते को विधिवत हस्तांतरित किया।
कार्यक्रम के माध्यम से वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी के शौर्य, त्याग और राष्ट्रभक्ति को नमन करते हुए युवाओं में देशप्रेम एवं राष्ट्रसेवा की भावना को सुदृढ़ करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय एवं उत्कृष्ट विद्यालय डिंडौरी के एनसीसी प्रभारी तथा कैडेट्स सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन की पहल के अंतर्गत प्रदेश के सभी 55 जिलों से पवित्र माटी एकत्रित की जा रही है। इन जिलों से संग्रहित माटी का उपयोग भोपाल स्थित शौर्य स्मारक में 55 संकल्प वृक्षों के रोपण में किया जाएगा। यह पहल वीरों के शौर्य, त्याग एवं राष्ट्रभक्ति की स्मृतियों को सम्मान देने के साथ ही युवाओं में राष्ट्रसेवा और देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करने का संदेश देगी।
#sevasankalap #collecyodindori #jansampark #Dindori #SankalpVriksh #RaniAvantibaiLodhi #NCC #VeerBhumi #DeshBhakti #MadhyaPradesh