फसल कटाई प्रयोगों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने खेतों में पहुंचे अधिकारी, लिया जायजा
डीडवाना।प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत खरीफ फसलों के वास्तविक उत्पादन के सटीक आकलन के लिए जिले में आयोजित हो रहे फसल कटाई प्रयोगों (क्रॉप कटिंग) का कृषि विभाग के उच्चाधिकारियों द्वारा औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान कृषि विभाग सीकर खंड के अतिरिक्त निदेशक हरीश मेहरा ने जिले के सूदराशन, नूवा, बेरी खुर्द एवं बरड़वा गांवों के खेतों में पहुंचकर मूंग एवं बाजरा फसलों के क्रॉप कटिंग प्रयोगों का मौके पर गहन अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने निर्धारित प्रक्रिया, चयनित खेत के मापदंड, फसल की स्थिति तथा उत्पादन आंकड़ों के संधारण की बारीकी से जांच की।अतिरिक्त निदेशक हरीश मेहरा ने निर्देशित किया कि फसल कटाई प्रयोग अत्यंत संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण कार्य हैं, क्योंकि इन्हीं वास्तविक उपज के आंकड़ों के आधार पर किसानों के फसल बीमा क्लेम का निर्धारण होता है। उन्होंने फील्ड कार्मिकों को CCE Agri मोबाइल ऐप के माध्यम से निर्धारित एसओपी (SOP) व विभागीय दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन करते हुए पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता से प्रयोग संपादित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण दल में कृषि अधिकारी डॉ. पी. डी. चौधरी, सहायक कृषि अधिकारी नाथू लाल मीणा, कृषि पर्यवेक्षक राजेंद्र कुमार, बजरंग लाल व दिनेश कुमार तथा नेशनल इंश्योरेंस कंपनी के प्रतिनिधि महिपाल गोदारा मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान बीमा कंपनी प्रतिनिधि को भी समय पर उपस्थित रहकर पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर मौजूद स्थानीय काश्तकारों को क्रॉप कटिंग प्रक्रिया और बीमा योजना के प्रावधानों के बारे में जानकारी देकर जागरूक किया गया।
Didwana, Nagaur | Sep 15, 2026