शंख ध्वनियों के साथ निकली भव्य प्रभात फेरी, मौन साधना परिवार ने गांव में दिया विश्व एकता और सर्वधर्म सम्मेलन का संदेश
उरई (जालौन)। मौन साधना देवस्थान बड़ी बंधौली में आयोजित होने वाले दो दिवसीय 16वें मौन साधना वार्षिक उत्सव के तहत आज सुबह ठीक 8 बजे अनेकों शंखों की ध्वनियों के साथ भव्य प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी के माध्यम से ग्रामीणों को कल आयोजित होने वाले विश्व एकता सर्वधर्म सम्मेलन की सूचना देते हुए पूरे गांव में भ्रमण किया गया।
प्रभात फेरी में शामिल मौन साधना परिवार के सभी साथी सफेद वस्त्र धारण किए हुए थे। सभी साथी पूरी तरह प्रतिबद्ध और अनुशासित नजर आए तथा एक कतार में चलते हुए शंख ध्वनियों के साथ विश्व एकता, आपसी प्रेम, शांति और भाईचारे का संदेश देते रहे।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य मजहब, मकसद, धर्म और सिद्धांतों के नाम पर बढ़ती दूरियों को समाप्त कर सभी धर्मों और जातियों के लोगों को मानवता एवं एकता के सूत्र में जोड़ना है।
प्रभात फेरी में हमीरपुर से रघुवीर शरण द्विवेदी, गोंडा जनपद से बीबी लाल श्रीवास्तव एवं श्रीमती बीना श्रीवास्तव, राजेश महाराज, भगत सिंह, बिलरख से करण सिंह राजपूत, रघुवीर राजपूत, अर्पण राजपूत, श्याम करण, रघुनाथ बाबूजी, चंद्रपाल बॉस सहित सैकड़ों मौन साधना साथी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
कल 25 नवंबर को होगा विश्व एकता सर्वधर्म सम्मेलन
मौन साधना देवस्थान बड़ी बंधौली में कल बुधवार 25 नवंबर 2026 को सुबह ठीक 10 बजे से विश्व एकता सर्वधर्म सम्मेलन आयोजित होगा। कार्यक्रम में विभिन्न धर्मों के विद्वान अपने विचार और प्रवचन प्रस्तुत करेंगे। इसमें सभी धर्मों और जातियों के लोगों को आमंत्रित किया गया है।
आयोजकों ने सभी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सर्वधर्म एकता, मानवता, प्रेम और शांति के इस आयोजन में सहभागिता करने की अपील की है।
मौन साधना का संदेश: जगत की एकता एवं जगत पिता का सत्यप्रेम पाने के लिए प्रतिदिन शाम 6:50 से 7:05 बजे तक 15 मिनट मौन साधना अवश्य करें।
कार्यक्रम स्थल: मौन साधना देवस्थान, बड़ी बंधौली, जनपद जालौन।
Jalaun, Jalaun | Nov 24, 2026