#भरतपुर। तीन दिवसीय हड़ताल के कारण रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के आदेश पर रविवार को जिले के सभी सरकारी और ग्रामीण बैंक खुले रहे। इस दौरान यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर 28 से 30 सितंबर तक होने वाली देशव्यापी हड़ताल की तैयारी के बीच नदबई में एसबीआई कर्मचारियों ने सेवा एसोसिएशन के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष तिवेश मीणा के नेतृत्व में इस दिन को 'ब्लैक संडे' के रूप में मनाया। बैंक कर्मियों ने विरोध जताते हुए बैंकिंग क्षेत्र में सप्ताह में 5 दिन काम और 2 दिन (शनिवार व रविवार) नियमित अवकाश की व्यवस्था लागू करने की अपनी मुख्य मांग को प्रमुखता से उठाया। कर्मचारियों का तर्क है कि वर्तमान में केवल दूसरे और चौथे शनिवार को ही छुट्टी मिलती है, जिससे काम के भारी दबाव के बीच निजी जीवन और परिवार के लिए समय निकालना मुश्किल हो जाता है। तिवेश मीणा ने बताया कि देशभर के बैंक कर्मचारी और अधिकारी अपनी इसी 5 दिवसीय बैंकिंग की मांग को लेकर सोमवार से तीन दिन की हड़ताल पर रहेंगे, जिससे बैंक सेवाएं प्रभावित होंगी।