#भरतपुर। शहर में मंथर गति से चल रहे विकास कार्यों और खुदी पड़ी सड़कों से बेहाल व्यापारियों का सब्र अब जवाब दे चुका है। व्यापार महासंघ ने प्रशासन के खिलाफ फिर से मोर्चा खोलते हुए 7 दिन बाद जारी विकास कार्यों को रुकवाने और अक्टूबर महीने में 'भरतपुर बंद' सहित उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। व्यापारियों का दावा है कि शहर के मुख्य बाजारों की सड़कें टूट-फूट का शिकार हैं और निर्माण कार्य के दौरान कोई वैकल्पिक रास्ता तक नहीं दिया गया है। इसके चलते ग्राहक दुकानों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं और त्योहारों के ठीक पहले व्यापारियों की दुकानदारी सिमटकर केवल 10 प्रतिशत ही रह गई है। व्यापार महासंघ के अध्यक्ष संजीव गुप्ता ने बताया कि ठेकेदार शहर भर में मनमाने तरीके से गड्ढे खोदकर छोड़ रहे हैं, जिससे पूरे बाजार की व्यवस्था चरमरा गई है। इससे पहले 6 अप्रैल को भी व्यापारियों ने काले झंडे लेकर रैली निकाली थी, लेकिन तब प्रशासनिक अधिकारियों और बीडीए कमिश्नर कनिष्क कटारिया के साथ हुई वार्ता में सहमति बनने पर आंदोलन टाल दिया गया था। उस समय स्टेशन रोड की चौड़ाई 36 मीटर से घटाकर 24 मीटर करने और मुआवजा देने की बात कही गई थी, जिसके बाद व्यापारियों ने अपने निर्माण खुद हटा लिए थे। हालांकि, समझौते के बावजूद राहत न मिलने और अधिकारियों के उदासीन रवैये से नाराज व्यापारियों ने अब दोबारा आर-पार की लड़ाई लड़ने का मन बना लिया है।