#भरतपुर। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीना के निर्देशन में रविवार को 5 किलोमीटर मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। यातायात सर्किल से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय धर्मेंद्र कुमार यादव ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया, जो सारस चौराहा, यूआईटी, सर्किट हाउस, मल्टीपरपज, मानसिंह और बिजली घर सर्किल से होते हुए पुनः यातायात सर्किल पर समाप्त हुई। इस दौड़ में सीओ ट्रैफिक योगेश सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारियों और जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मैराथन के माध्यम से पुलिस विभाग ने आमजन को स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने, नशे से दूर रहने तथा साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया। दौड़ के समापन पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र कुमार यादव ने उपस्थित अधिकारियों व जवानों को स्वयं सतर्क रहने और समाज को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई।