✳️ सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में जिला पुलिस द्वारा 05 किमी मैराथन दौड़ का आयोजन
✳️ स्वस्थ एवं नशा-मुक्त जीवनशैली अपनाने तथा साइबर अपराध से बचाव का दिया संदेश
भरतपुर। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित खेल कार्यक्रमों के तहत जिला पुलिस भरतपुर द्वारा आज 5 किलोमीटर मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। आयोजन का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों एवं जवानों में शारीरिक फिटनेस, अनुशासन एवं टीम भावना को बढ़ावा देने के साथ-साथ आमजन को स्वस्थ एवं नशा-मुक्त जीवनशैली अपनाने तथा साइबर अपराधों के प्रति जागरूक एवं सतर्क रहने का संदेश देना रहा।
मैराथन का आयोजन जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीना के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र कुमार यादव, सीओ ट्रैफिक योगेश सहित जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं जवानों सहित अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मैराथन का शुभारंभ अतरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय भरतपुर धर्मेंद्र कुमार यादव द्वारा यातायात सर्किल भरतपुर से मैराथन दौड़ को हरी झंडी दिखाकर किया गया। प्रतिभागियों ने सारस चौराहा → यूआईटीसर्किल → सर्किट हाऊससर्किल → मल्टीपरपज चौराहा → मानसिंह सर्कल → बिजली घर सर्किल होते हुए निर्धारित 5 किलोमीटर मार्ग पर दौड़ पूरी की तथा यातायात सर्किल पर मैराथन का समापन हुआ।
मैराथन के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साह एवं अनुशासन के साथ सहभागिता करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नशे से दूर रहने और साइबर अपराधों से सतर्क रहने का संदेश आमजन तक पहुंचाया तथा मैराथन दौड़ के उपरांत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र कुमार यादव द्वारा उपस्थित सभी पुलिस जवानों एवं प्रतिभागियों को साइबर अपराध जागरूकता की शपथ दिलाई गई। शपथ के माध्यम से सभी ने स्वयं साइबर अपराधों के प्रति सजग एवं सतर्क रहने तथा अपने परिवार, मित्रों एवं आमजन को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
मैराथन के माध्यम सेजिला पुलिस द्वारा युवाओं एवं आमजन को नशे से दूर रहकर खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने तथा स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस विभाग द्वारा इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता को भी बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।
जिला पुलिस द्वारा आयोजित यह मैराथन स्वास्थ्य, अनुशासन, नशा-मुक्त जीवन, साइबर सुरक्षा एवं सामाजिक जागरूकता का संदेश देने वाली एक सार्थक पहल रही। पुलिस अधिकारियों एवं जवानों की उत्साहपूर्ण भागीदारी से कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।