शहीद जवानों के अंतिम संस्कार में अव्यवस्थाओं पर ग्रामीणों का आक्रोश, पूछा—क्या यही है वीर सपूतों का सम्मान?
दच्छन के दो वीर सपूत SPO रशपाल सिंह और SPO भाभी चंद को नम आंखों से दी गई श्रद्धांजलि, अंतिम संस्कार की व्यवस्थाओं को लेकर उठे गंभीर सवाल।
दच्छन। आतंकवादियों से लोहा लेते हुए देश की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले दो वीर जवानों SPO रशपाल सिंह और SPO भाभी चंद की शहादत ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है। लेकिन उनके अंतिम संस्कार के दौरान सामने आई कथित अव्यवस्थाओं ने ग्रामीणों और लोगों के मन में कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, अंतिम संस्कार के समय कोई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं था और न ही समय पर शहीद जवानों के पार्थिव शरीर के लिए ताबूत (कॉफिन) उपलब्ध कराया गया। बताया गया कि जब अंतिम संस्कार की तैयारी हो रही थी, उस समय ताबूत पहुंचा।
स्थिति तब और गंभीर हो गई, जब ग्रामीणों को पता चला कि एसएसपी साहब अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो रहे हैं। इससे नाराज ग्रामीणों ने कथित तौर पर पार्थिव शरीर को मुखाग्नि देने से इनकार कर दिया।
इस पूरे घटनाक्रम ने शहीद जवानों के सम्मान, पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी और अंतिम विदाई के दौरान गार्ड ऑफ ऑनर जैसी सम्मानजनक व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले जवानों का सम्मान सर्वोपरि होना चाहिए। उनकी अंतिम विदाई पूरे राजकीय और सैन्य सम्मान के साथ होनी चाहिए।
वीर सपूतों की शहादत को शत-शत नमन।
ॐ शांति। 🇮🇳🙏
R News Uttarakhand
आपकी आवाज़, आपकी खबर