डीईओ कार्यालय के समक्ष ‘घेरा डालो-डेरा डालो’ आंदोलन का चौथा दिन जारी, वार्ता विफल
जहानाबाद, 8 जून को बिहार राज्य शिक्षक संयुक्त संघर्ष मोर्चा, जहानाबाद के बैनर तले 27 सूत्री मांगों को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) कार्यालय के समक्ष चल रहा अनिश्चितकालीन धरना सोमवार को चौथे दिन भी जारी रहा। धरना की अध्यक्षता संजय कुमार ने की, जबकि संचालन शंभू कुमार, सत्येंद्र कुमार एवं दानिश अकबर अली ने संयुक्त रूप से किया।
धरना को संबोधित करते हुए शिक्षक नेताओं ने बताया कि सोमवार को जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) एवं संघर्ष मोर्चा के प्रतिनिधियों के बीच वार्ता हुई, लेकिन कोई ठोस समाधान या आश्वासन नहीं मिलने के कारण वार्ता विफल रही। इसके बाद आंदोलन को जारी रखने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।
शिक्षक नेताओं ने आरोप लगाया कि विभागीय आदेशों के बावजूद शिक्षकों के विभिन्न एरियर, पे-फिक्सेशन, कालबद्ध प्रोन्नति, विशिष्ट शिक्षकों की प्रोन्नति, प्रधान शिक्षकों के वेतन संरक्षण लाभ तथा एरियर का भुगतान लंबित है। उन्होंने कुछ मामलों में एरियर भुगतान में भ्रष्टाचार एवं अनियमितता की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
मोर्चा ने यह भी आरोप लगाया कि 1999 बैच के शिक्षकों को प्रशिक्षण की विरमन तिथि से लाभ नहीं मिल रहा है तथा शहरी एवं नगर परिषद क्षेत्र के शिक्षकों को निर्धारित आवास भत्ता का भुगतान नहीं किया जा रहा है। नेताओं ने शिक्षा विभाग के जिला कार्यालय में भ्रष्टाचार एवं मनमानी का भी आरोप लगाया।
धरनास्थल से नेताओं ने डीईओ कार्यालय परिसर के आसपास फैली गंदगी और कूड़ा-कचरा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि स्वच्छता की बात करने वाले अधिकारियों के कार्यालय के समीप ही गंदगी का अंबार लगा है। इसकी जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की गई।
आंदोलन में शामिल शिक्षकों ने संकल्प लिया कि 27 सूत्री मांगों के पूरा होने तक ‘घेरा डालो-डेरा डालो’ आंदोलन अनवरत जारी रहेगा।
#Jahanabad #TeachersProtest #DEOOffice #BiharTeachers #शिक्षक_आंदोलन #जहानाबाद #BreakingNews #EducationNews #BiharNews