सीईओ जिला पंचायत ने उप संचालक पशुपालन एवं एसडीएम भिण्ड के साथ गौशालाओं का किया निरीक्षण
सड़कों पर गायें घूमती मिलने पर संबंधित सरपंच एवं सचिव के विरुद्ध होगी कार्यवाही
पशुओं को खुला छोड़ने वाले गौपालकों पर वैधानिक कार्रवाई के निर्देश
कलेक्टर भिण्ड के निर्देशानुसार मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री वीरसिंह चौहान, उप संचालक पशुपालन श्री अवनीश शर्मा एवं एसडीएम श्री महेन्द्र सौजन्या द्वारा बबेडी, गोरा, नुन्हाटा, कनावर, पाण्डरी सहित विभिन्न गौशालाओं का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान शहर में घूम रहे आवारा पशुओं को शहर के आसपास संचालित गौशालाओं में भेजने के निर्देश सीएमओ को दिए गए।
सीईओ जिला पंचायत ने सरपंचों एवं सचिवों को निर्देशित किया कि जिस ग्राम पंचायत क्षेत्र में गायें सड़कों पर खुली घूमती मिलेंगी, वहां संबंधित सरपंच एवं सचिव के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी। गौपालकों द्वारा पशु खुला छोड़ने की स्थिति में उनका नाम-पता संकलित कर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा गया।
गौशाला संचालन पर जोर
जिन ग्राम पंचायतों में गौशालाएं हैं, उन्हें नियमित रूप से संचालित रखने के निर्देश दिए गए। गौशाला बंद पाए जाने या साफ-सफाई न होने पर संबंधित सरपंच एवं सचिव के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि गौशालाओं के रखरखाव की जिम्मेदारी संबंधित पंचायतों की है।
गौशालाओं में पशुओं हेतु पर्याप्त पेयजल, भूसा एवं चरवाहे की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए, ताकि गोवंश को उचित देखभाल मिल सके और वे सार्वजनिक स्थानों पर न घूमें।
विसर्जन स्थलों की तैयारी
सीईओ जिला पंचायत श्री चौहान ने दुर्गा विसर्जन स्थलों का भी निरीक्षण किया। संबंधित सरपंच, सचिव एवं रेडियो पीसीओ को ग्रामीण क्षेत्रों के विसर्जन स्थलों पर ड्यूटी लगाने, लाइट, माइक तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विसर्जन हेतु गड्ढों की व्यवस्था करने और प्रतिमाओं का विसर्जन केवल निर्धारित स्थलों पर कराने के निर्देश दिए गए। विसर्जन के बाद स्वच्छता बनाए रखने हेतु संबंधित जनपद सीईओ को भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
Panchayat, Rural Development and Social Welfare Department of Madhya Pradesh
#भिण्ड
#Bhind