#बलरामपुर: छत पर खेलते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया मासूम, दर्दनाक मौत
#उतरौला (#बलरामपुर):
उतरौला क्षेत्र के बनघुसरा गांव में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसे में आठ वर्षीय मासूम की जान चली गई। छत पर खेलते समय उसके हाथ में मौजूद एल्यूमीनियम का तार ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव की दुर्गा पूजा समिति ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तुरंत साउंड बंद कर दिए।
ननिहाल आया था मासूम कैफ
#थाना_श्रीदत्तगंज क्षेत्र के जगदेवा निवासी उस्मान का आठ वर्षीय बेटा कैफ अपने ननिहाल बनघुसरा गया था। सोमवार शाम करीब पांच बजे वह छत पर एल्यूमीनियम का तार लेकर खेल रहा था। इसी दौरान वह तार ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से छू गया और गंभीर रूप से करंट की चपेट में आ गया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक कैफ तीन बहनों—मारिया (10), इकरा (6) और छह माह की सबसे छोटी बहन—का इकलौता भाई था। उसके पिता जगदेवा में इलेक्ट्रिक की दुकान चलाते हैं। बेटे की इस असमय और दर्दनाक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
दुर्गा पूजा समिति ने बंद किए साउंड
हादसे की खबर मिलते ही गांव की दुर्गा पूजा समिति ने तुरंत अपने साउंड बंद कर दिए। समिति के सदस्य पीड़ित परिजनों के घर पहुंचे और ढांढस बंधाया। आयोजक कल्लू ने बताया कि इस दुखद घड़ी में पूरा गांव परिवार के साथ खड़ा है और संवेदना व्यक्त करने के लिए उत्सव का माहौल रोक दिया गया है।