जंगली जानवरों से खेती बचाने की मुहिम चर्चा में, कमलेश उनियाल की सोलर फेंसिंग पहल
रुद्रप्रयाग। पहाड़ों में जंगली जानवरों से खेती को हो रहे नुकसान के बीच जखोली निवासी भाजपा नेता कमलेश उनियाल की सोलर फेंसिंग पहल चर्चा में है। उनियाल अपने निजी संसाधनों से कई गांवों में सोलर फेंसिंग लगवा रहे हैं, जबकि कई स्थानों पर कार्य जारी है।
इस पहल का उद्देश्य जंगली सूअर, बंदरों सहित अन्य जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के साथ महिलाओं और युवाओं को खेती, उद्यान एवं स्थानीय स्वरोजगार से जोड़ना है। युवाओं को पर्यटन, ट्रैकिंग, पैराग्लाइडिंग और होम-स्टे जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन देने की योजना भी है।
वेबसाइट और क्यूआर कोड के माध्यम से करीब 300-400 युवाओं के पंजीकरण की बात सामने आई है। ग्रामीण महिलाओं द्वारा भी इस पहल के सकारात्मक अनुभव सोशल मीडिया पर साझा किए जा रहे हैं।
कमलेश उनियाल का कहना है कि “यह अभी शुरुआत है। हमारा लक्ष्य खेती को सुरक्षित करने के साथ युवाओं को गांव में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।”
वर्ष 2022 में रुद्रप्रयाग विधानसभा से टिकट की दावेदारी कर चुके उनियाल की यह पहल 2027 की राजनीतिक पृष्ठभूमि में भी चर्चा का विषय बनी हुई है। अब देखना होगा कि सरकार और प्रशासन इस तरह के स्थानीय प्रयासों को किस प्रकार व्यापक योजनाओं से जोड़ते हैं।