प्रेस विज्ञप्ति
गया जी। 12 सितंबर 2026
पितृपक्ष मेला 2026 को लेकर यातायात, परिवहन एवं पार्किंग कोषांग की बैठक आयोजित
यातायात व्यवस्था, पार्किंग स्थलों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर दिए गए आवश्यक निर्देश
गया जी, 12 सितंबर 2026, समाहरणालय सभागार, गया में पितृपक्ष मेला 2026 की तैयारियों के मद्देनजर यातायात, परिवहन एवं पार्किंग कोषांग की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन एवं नगर पुलिस अधीक्षक, गया द्वारा की गई।
बैठक में यातायात, परिवहन एवं पार्किंग कोषांग के सभी संबंधित पदाधिकारी, नामित पुरोहितगण/सदस्यगण श्री महेश लाल गुपुत, श्री अमरनाथ राय एवं श्री मणि लाल बारीक सहित अपर समाहर्ता, विधि-व्यवस्था, अनुमंडल पदाधिकारी सदर, जिला परिवहन पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक यातायात, कार्यपालक अभियंता PHED, कार्यपालक अभियंता विद्युत विभाग, उप नगर आयुक्त, गया नगर निगम तथा जिला खनिज विकास पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन ने पितृपक्ष मेला 2026 की महत्ता को देखते हुए सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि मेला से संबंधित सभी तैयारियों एवं कार्यों को तीव्र गति से पूर्ण करते हुए निर्धारित समय सीमा के अंदर दुरुस्त व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी एवं पुलिस उपाधीक्षक, यातायात द्वारा पितृपक्ष मेला के दौरान लागू किए जाने वाले ट्रैफिक प्लान तथा विभिन्न चिन्हित पार्किंग स्थलों की व्यवस्था के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। यातायात के सुचारू संचालन, वाहनों के व्यवस्थित आवागमन तथा श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग एवं यातायात प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की गई।
इस दौरान श्री महेश लाल गुपुत द्वारा सभी पार्किंग स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया। इस पर जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि सभी चिन्हित पार्किंग स्थलों का भौतिक निरीक्षण किया जा चुका है तथा आवश्यकता के अनुरूप बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि सभी पार्किंग स्थलों पर शेड, पेयजल, शौचालय, चेंजिंग रूम, पर्याप्त रोशनी, सीसीटीवी कैमरा एवं पब्लिक एड्रेस सिस्टम जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। साथ ही श्रद्धालुओं को उचित एवं सस्ती दर पर भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जीविका दीदियों द्वारा सस्ती रोटी की शिविर लगाने की व्यवस्था भी की जा रही है।
नगर पुलिस अधीक्षक, गया ने मेला क्षेत्र में पड़ने वाले सभी थाना क्षेत्रों के थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि पूरे मेला अवधि के दौरान अपने-अपने थाना क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं नियंत्रित रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने विशेष रूप से भूसंडा वाहन पार्किंग स्थल पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं पब्लिक एड्रेस सिस्टम सुनिश्चित करने तथा आवश्यकतानुसार दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया।
बैठक में अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन ने सभी संबंधित पुलिस उपाधीक्षकों एवं थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि 25 सितंबर से 10 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले 15 दिवसीय पितृपक्ष मेला के दौरान भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि मेला अवधि में कुछ विशेष तिथियों पर सामान्य दिनों की अपेक्षा काफी अधिक संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना रहती है। साथ ही विभिन्न पिंडवेदी स्थलों पर निर्धारित तिथियों के अनुसार अलग-अलग दिनों में विशेष भीड़ एकत्रित होती है।
उन्होंने संबंधित तिथियों पर विशेष सतर्कता बरतने, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण की व्यापक व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन को प्रभावी बनाए रखने का निर्देश दिया। सभी थाना प्रभारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया कि श्रद्धालुओं एवं अन्य आगंतुकों के वाहन केवल चिन्हित पार्किंग स्थलों पर ही पार्क किए जाएं। किसी भी परिस्थिति में सड़कों पर इधर-उधर या बेतरतीब तरीके से वाहन पार्किंग न होने दी जाए, ताकि मेला क्षेत्र में यातायात का संचालन निर्बाध रूप से जारी रहे।
बैठक में सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पितृपक्ष मेला 2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था तथा व्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar GAYA Police CMO Bihar DD News Bihar Department of Tourism, Government of Bihar
#facebookpost #facebookdailystoryseries #FacebookPage #facebookvideo
Gaya, Bihar | Sep 12, 2026