कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार आयोजित #जनसुनवाई में आए 50 आवेदन
.......
प्रशासनिक तत्परता से संगीता को मिला कल्याणी पेंशन, खाद्यान्न और स्पॉन्सरशिप योजना का लाभ
बड़वानी 03 नवंबर 2026/प्रति मंगलवार को जिला कलेक्टर कार्यालय बड़वानी में आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की शिकायतें सुनीं एवं संबंधित अधिकारियों को सभी आवेदनों पर समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंगलवार जनसुनवाई में कुल 50 आवेदन प्राप्त हुए।
1.संवेदनशील पहलः- जनसुनवाई में पहुंची श्रीमती संगीता को तत्काल मिला शासन की योजनाओं का लाभ
जनसुनवाई के दौरान ठीकरी तहसील के ग्राम पलासिया के रामदेवपुरा निवासी श्रीमती संगीता (पत्नी स्व. श्याम चौहान) ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया। संगीता चार बच्चों की माता है और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रही है। उसने आवेदन में अवगत कराया कि उसे पात्रता के बावजूद निःशुल्क खाद्यान्न नहीं मिल रहा है, पति की मृत्यु के उपरांत भी उसे कल्याणी (विधवा) पेंशन व आर्थिक सहायता प्राप्त नहीं हुई है तथा प्रधानमंत्री आवास योजना की सर्वे सूची में भी उसका नाम दर्ज नहीं है।
कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने महिला की स्थिति एवं समस्या को संवेदनशीलता से संज्ञान लेते हुए सामाजिक न्याय, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। प्रशासनिक तत्परता के परिणामस्वरूप महिला को तुरंत निम्नलिखित राहत प्रदान की गई।
कल्याणी पेंशन स्वीकृत- जिला सामाजिक न्याय विभाग द्वारा मुख्यमंत्री सामाजिक सुरक्षा कल्याणी पेंशन योजना के तहत पेंशन का लाभ तत्काल स्वीकृत किया गया।
निःशुल्क खाद्यान्न प्रदाय-जिला आपूर्ति अधिकारी द्वारा महिला के दस्तावेज सत्यापन का कार्य तुरंत पूर्ण कराया गया। ई-केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण होने पर आगामी माह से उसे नियमित निःशुल्क खाद्यान्न की पात्रता पर्ची प्राप्त होने लगेगी।
स्पॉन्सरशिप योजना का लाभ- महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महिला की दो बालिकाओं को स्पॉन्सरशिप योजना के अंतर्गत लाभान्वित किए जाने की स्वीकृति प्रदान की गई।
2. आवेदक राजु पिता हीरालाल येसीकर ने आपसी समझौते के बावजूद पड़ोसी खातेदारों द्वारा खेत पर आने-जाने का रास्ता रोके जाने और बोरवेल का पानी बंद करने की शिकायत की है। पूर्व में नोटरी के समक्ष हुए समझौते के अनुसार 10-10 फीट जमीन छोड़कर रास्ता तय हुआ था, जिसके पालन और न्याय की मांग की गई है। । इसके बावजूद, पड़ोसी खातेदारों द्वारा रास्ता नहीं दिया जा रहा है, वाहन लाने से रोका जा रहा है। इस पर जनसुनवाई पर अपर कलेक्टर श्रीमती हेमलता सोलंकी ने प्रकरण नायब तहसीलदार खेतिया को प्रेषित कर दोनों पक्षों को समक्ष में सुन कर निराकरण करने के निर्देश दिए ।
जनसुनवाई में मुख्य रूप से खेत में आने जाने का रास्ता दिलवाए जाने, राजमिस्त्रियों की मजदूरी राशि का भुगतान, राजस्व रिकॉर्ड में सुधार, भू-अर्जन, स्वामित्व योजना ,अवैध कब्ज़ा,भूमि रिकार्ड संशोधन, पुलिस विभाग से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।
जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ श्री अर्पित गुप्ता, अपर कलेक्टर श्रीमती हेमलता सोलंकी, एसडीएम बड़वानी श्री भूपेन्द्र रावत, तहसीलदार श्री राहुल सोलंकी सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही, अन्य विकासखण्डों एवं जनपदों के अधिकारी वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे।
#JansamparkMP
#Badwani
24 views | Barwani, Madhya Pradesh | Nov 3, 2026