नीति तारा उन्मुखीकरण प्रशिक्षण संपन्न
बड़वानी 03 नवम्बर 2026/ आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन, विकास संकेतकों की नियमित निगरानी, विभागीय प्रगति की समीक्षा तथा साक्ष्य-आधारित निर्णय प्रक्रिया को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 02 नवंबर 2026 को कलेक्टोरेट सभाकक्ष, बड़वानी में नीति तारा (टूलकीट फॉर एनालाईसिस, रिव्यू एंड एक्शन) के उपयोग संबंधी उन्मुखीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य नीति तारा टूलकिट की कार्यप्रणाली एवं उपयोगिता से अवगत कराना तथा नीति फॉर स्टेट एवं आकांक्षी जिला से संबंधित वेबसाइट पर उपलब्ध विभिन्न डिजिटल सुविधाओं, डैशबोर्ड एवं डेटा विश्लेषण की प्रक्रियाओं की जानकारी प्रदान करना था, ताकि इनके माध्यम से विकास कार्यों की प्रभावी निगरानी, समीक्षा एवं परिणामोन्मुखी कार्ययोजना तैयार की जा सके। मास्टर ट्रेनर श्री अमित जैन द्वारा नीति तारा टूलकिट के बारे में विस्तारपूर्वक परिचय देते हुए उसका व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान चेम्पियन्स ऑफ चेंज एवं आकांक्षी विकासखंड पोर्टल के उपयोग, विभिन्न विभागों के प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों की प्रगति का अवलोकन तथा विकास संकेतकों के आधार पर विभागीय कार्यों की समीक्षा करने की प्रक्रिया समझाई गई। इसके साथ ही एरिया डेवलपमेंट स्ट्रेटजी के महत्व एवं उसके व्यावहारिक उपयोग के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
इस संबंध में उपलब्ध प्रशिक्षण वीडियो के माध्यम से यह समझाया गया कि स्थानीय आवश्यकताओं एवं विकास की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्ययोजना किस प्रकार तैयार की जा सकती है। विकास संकेतकों में विद्यमान कमियों की पहचान, उनका विश्लेषण तथा स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप लक्षित विकास रणनीति तैयार करने की प्रक्रिया पर भी प्रकाश डाला गया। प्रशिक्षण में नीति फॉर स्टेट वेबसाइट पर उपलब्ध बेस्ट प्रैक्टिसेज, पॉलिसी, डाटा से संबंधित जानकारियों का भी प्रदर्शन किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम से संबंधित विभागों के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारियों ने सहभागिता की।
#JansamparkMP
#Badwani
18 views | Barwani, Madhya Pradesh | Nov 3, 2026