ज़िला प्रशासन, भागलपुर दिनांक : 25 अगस्त 2026, श्रावणी मेला 2026 के अवसर पर जिला प्रशासन, भागलपुर द्वारा पर्यटन विभाग एवं कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार सरकार के संयुक्त तत्वावधान में धांधी बेलारी महाशिविर तथा सुल्तानगंज के नमामि गंगे घाट स्थित सांस्कृतिक मंच पर पूरे सावन माह भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। दिनांक 28 जुलाई 2026 से 28 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन आयोजित इन कार्यक्रमों में भागलपुर जिले के साथ-साथ बिहार एवं देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए कलाकारों द्वारा गायन, वादन, नृत्य एवं नृत्य-नाटिका की मनोहारी प्रस्तुतियां दी जा रही हैं।
इसी क्रम में आज धांधी बेलारी महाशिविर के सांस्कृतिक मंच पर कलाकारों द्वारा भगवान शिव को समर्पित शिव भक्ति गीत एवं भजनों की अद्भुत प्रस्तुति दी गई। भक्ति संगीत की मधुर धुनों और कलाकारों की भावपूर्ण प्रस्तुति ने कांवरियों एवं उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। शिव भजनों के साथ पूरा महाशिविर परिसर भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान रहा।
धांधी बेलारी के मंच पर आज सुरेंद्र नारायण यादव, पटना, शिव नारायण सिंह, समस्तीपुर एवं अभिनंदन कुमार, पटना ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम की सफल उद्घोषणा मनोज कुमार मिश्रा द्वारा की गई।
वहीं, सुल्तानगंज के नमामि गंगे घाट स्थित मुख्य सांस्कृतिक मंच पर राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं एवं दर्शकों का मन मोह लिया। शिव भक्ति गीतों के साथ बिहार की समृद्ध लोक संगीत परंपरा की भी मनोहारी झलक देखने को मिली। “बोल बम का नारा है, बाबा एक सहारा है” एवं अन्य लोकप्रिय कांवरिया गीतों की धुन पर श्रद्धालु एवं दर्शक उत्साहपूर्वक झूमते नजर आए।
“हाथी ना घोड़ा ना पैदल सवारी” तथा “भोला बाबा के नगरी में, गूंजे बोल बम-बोल बम” जैसे शिव एवं कांवरिया भक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। गीतों की मधुर धुन पर कांवरियों एवं श्रद्धालुओं ने जमकर आनंद लिया तथा पूरा सांस्कृतिक परिसर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंज उठा।
स्थानीय कलाकारों ने भी भगवान शिव को समर्पित प्रार्थना रूपी भजनों की प्रस्तुति के माध्यम से समाज के कल्याण एवं सुख-शांति की कामना की। रागिनी भारती, पटना; प्रियंका श्रीवास्तव, पटना; भवानी शेखर, पटना; अनुमेह मिश्रा सूफियाना बैंड, भागलपुर एवं डिवाइन सोशल डेवलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन, फुलवारीशरीफ द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को देर तक बांधे रखा। कार्यक्रम की उद्घोषणा अजय अटल, भागलपुर द्वारा की गई।
कार्यक्रम में वाद्य कलाकारों ने भी अपनी शानदार संगत से प्रस्तुतियों को प्रभावशाली बनाया। पैड पर नेपाली कुमार, नाथनगर, भागलपुर; ढोलक पर हरे राम तिवारी, भागलपुर; तबला पर मुकेश कुमार मिश्रा, भागलपुर; ऑर्गन पर चंदन कुमार सिंह, जगदीशपुर, भागलपुर तथा बैंजो पर मोहम्मद आईन, भागलपुर ने अपनी कला का प्रदर्शन किया।
धांधी बेलारी महाशिविर के मंच पर अंकित रंजन, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी; सुधीर कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी; दुर्गा शंकर, निदेशक, DRDA; अमर मिश्रा, निदेशक, NEP सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं जिला प्रशासन के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
नमामि गंगे घाट के मुख्य सांस्कृतिक मंच पर अलंकृता पाण्डेय, जिला पदाधिकारी, भागलपुर एवं रवि राकेश, उप विकास आयुक्त, भागलपुर सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं जिला प्रशासन के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित सुधी दर्शकों एवं श्रद्धालुओं ने श्रावणी मेला के दौरान इस प्रकार के भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए पर्यटन विभाग, कला एवं संस्कृति विभाग तथा जिला प्रशासन, भागलपुर की सराहना की। कलाकारों ने भी मंच से जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए गए सहयोग एवं बेहतर व्यवस्थाओं के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
श्रावणी मेला के अवसर पर आयोजित ये सांस्कृतिक कार्यक्रम श्रद्धालुओं को धार्मिक आस्था के साथ-साथ बिहार की समृद्ध कला, संस्कृति एवं लोक परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहे हैं।
District Administration Patna
DM Darbhanga
District Administration, Madhubani
Madhepura District Administration
Bhagalpur District Administration
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
CMO Bihar
Department of Tourism, Government of Bihar
Bhagalpur, Bihar | Aug 25, 2026