गरियाबंद जिले के मैनपुर ब्लॉक में ओडिशा बॉर्डर से लगे झोलाराव गांव में बुधवार को ग्रामीणों ने 2 चोर, प्रभु और कृष्णा, को पकड़ा। मंगलवार रात इन्होंने गांव के ही एक किसान के घर से खाद की 2 बोरी चोरी की थी। ग्रामीणों ने दोनों से खाद की दोनों बोरियां भी बरामद कर लीं। दोनों के कंधों पर बोरियां लाद दी गईं।
कमर में रस्सी बांध दी गई। दोनों को पूरे गांव में घुमाया गया। पीछे ढोल-नगाड़ा बजाते ग्रामीण चोरों की सार्वजनिक सजा का ऐलान कर रहे थे। इस जुलूस को देखने महिलाएं और बच्चे भी घरों से निकल आए थे। मामले में गौरगांव के सरपंच चिमन नेताम का कहना है कि उन्होंने वॉट्सएप ग्रुप पर फोटो- विडियो देखे हैं। इनमें ग्रामीण कुछ लोगों का जुलूस निकालते दिख रहे हैं। घटना के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। इधर, शोभा टीआई पवन वर्मा ने भी घटना की जानकारी नहीं होने की बात कही।