प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय, लखीसराय।
दिनांक 27.08.2026
श्री गुरु संत रविदास विकास शिविर का शुभारंभ
जिला पदाधिकारी श्री शैलेंद्र कुमार द्वारा आज महीसोना में श्री गुरु संत रविदास विकास शिविर का शुभारंभ एवं उद्घाटन किया गया।
अनुसूचित जाति के टोलों में आयोजित किए जाने वाले इन विकास शिविरों का आयोजन 27 अगस्त 2026 से 15 फरवरी 2027 तक किया जाना है। शिविरों के सफल संचालन के लिए प्रखंड कल्याण पदाधिकारियों एवं प्रखंड विकास पदाधिकारियों द्वारा माइक्रो प्लान तैयार किया गया है, जिसके अनुरूप विभिन्न अनुसूचित जाति टोलों में शिविर आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के प्रथम दिन जिले के 14 अनुसूचित जाति टोलों में विकास शिविर का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार ने बताया कि सरकार की 22 कल्याणकारी योजनाओं से अनुसूचित जाति के परिवारों को लाभान्वित किया जाना है। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी डॉ. आंबेडकर समग्र सेवा अभियान के तहत विकास शिविरों का आयोजन कर पात्र लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया गया था। वर्तमान अभियान के माध्यम से भी अधिक से अधिक पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का लक्ष्य है।
जिला पदाधिकारी श्री शैलेंद्र कुमार ने उपस्थित लोगों से अपील की कि वे शिविरों में उपलब्ध कराई जा रही सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा पात्र लाभुक अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में उपस्थित होकर योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।
कार्यक्रम के दौरान जिला पदाधिकारी ने श्री गुरु संत रविदास के जीवन, उनके सामाजिक योगदान एवं समतामूलक समाज की स्थापना के संदेश पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि उनके विचार समाज में समानता, सामाजिक न्याय एवं वंचित वर्गों के उत्थान की दिशा में आज भी प्रेरणादायी हैं।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी एवं उप विकास आयुक्त द्वारा विभिन्न योजनाओं से संबंधित प्रमाण-पत्रों का वितरण लाभुकों के बीच किया गया। शिविर के माध्यम से उपस्थित ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया पूरी की गई।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार, निदेशक डीआरडीए श्री नीरज कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी श्री अश्विनी कुमार चौबे सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
1 views | Lakhisarai, Bihar | Aug 27, 2026