“एनीमिया मुक्त बिहार विशेष अभियान” का शुभारम्भ
लखीसराय जिले में 30 नवंबर तक चलेगा विशेष अभियान, 1.50 लाख लाभार्थियों की एनीमिया जांच का लक्ष्य
राज्य में एनीमिया की रोकथाम एवं नियंत्रण के उद्देश्य से “एनीमिया मुक्त बिहार विशेष अभियान” का शुभारम्भ आज दिनांक 25 अगस्त 2026 से किया गया।
यह विशेष अभियान 30 नवंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान का राज्य स्तरीय शुभारम्भ माननीय मुख्यमंत्री, बिहार द्वारा आज अपराह्न 3:00 बजे किया गया।
इसी क्रम में लखीसराय जिले में भी अभियान का शुभारम्भ जिला पदाधिकारी, लखीसराय की अध्यक्षता में किया गया।
सभी पात्र लाभार्थियों की होगी एनीमिया जांच
विशेष अभियान के दौरान सभी आयु वर्ग के लोगों, विशेष रूप से बच्चों, किशोर-किशोरियों, प्रजनन आयु वर्ग की महिलाओं, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को प्राथमिकता देते हुए एनीमिया की जांच, उपचार, परामर्श एवं आवश्यकता के अनुसार रेफरल की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
अभियान के तहत जिला अस्पताल से लेकर आयुष्मान आरोग्य मंदिर तक सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों, सामुदायिक स्तर पर आयोजित VHSND/PMSMA सत्रों तथा विद्यालयों में RBSK मोबाइल हेल्थ टीम के माध्यम से एनीमिया की जांच की जाएगी। जांच के लिए डिजिटल हीमोग्लोबिनोमीटर का उपयोग किया जाएगा।
अभियान के लिए blood test हेतु उपकरण भी जिला सदर अस्पताल को प्राप्त हुआ है। वहां उपस्थित सभी पदाधिकारी एवं सभी प्रशिक्षु NURSES /ANM/ DOCTORS का blood test करके उपकरण चलाने का प्रशिक्षण दी गई ।
05 से 09 वर्ष के बच्चे (कक्षा 1 से 5)
10 से 19 वर्ष के किशोर एवं किशोरियां (कक्षा 6 से 12)
20 से 49 वर्ष की प्रजनन आयु वर्ग की महिलाएं
गर्भवती महिलाएं
धात्री महिलाएं
पुरुष एवं अन्य सभी पात्र लाभार्थी
लखीसराय जिले में प्रति पंचायत प्रतिदिन 25 लाभार्थियों की एनीमिया जांच के लक्ष्य के आधार पर अभियान अवधि में कुल 1,50,000 लाभार्थियों की जांच का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
जांच के बाद उपचार एवं रेफरल की व्यवस्था
जांच में एनीमिया पाए जाने पर हीमोग्लोबिन के स्तर के अनुसार आवश्यक उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। जरूरत के अनुसार लाभार्थियों को आयरन-फोलिक एसिड (IFA) की गोलियों का वितरण किया जाएगा।
मध्यम एवं गंभीर एनीमिया से पीड़ित लाभार्थियों को आवश्यकतानुसार उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर किया जाएगा। वहीं, गर्भवती महिलाओं में गंभीर एनीमिया की स्थिति में चिकित्सकीय निगरानी में आवश्यक उपचार सुनिश्चित किया जाएगा।
अभियान के दौरान केवल एनीमिया की जांच तक ही सीमित नहीं रहते हुए पोषण संबंधी परामर्श पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। लाभार्थियों को एनीमिया की रोकथाम एवं प्रबंधन, स्थानीय स्तर पर उपलब्ध आयरन युक्त खाद्य पदार्थों, संतुलित एवं पौष्टिक आहार तथा अन्य आवश्यक पोषण संबंधी जानकारी दी जाएगी।
एनीमिया जांच के परिणामों की नियमित ऑनलाइन रिपोर्टिंग की जाएगी तथा एनीमिया से पीड़ित लाभार्थियों के उपचार, फॉलो-अप एवं परामर्श की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
अभियान को सफल बनाने में आशा, एएनएम, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO), RBSK मोबाइल हेल्थ टीम, लैब टेक्नीशियन, परामर्शदाता, जीविका CM एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
जिला स्वास्थ्य समिति, लखीसराय ने आमजनों से अपील की है कि वे “एनीमिया मुक्त बिहार विशेष अभियान” का लाभ उठाते हुए अपने परिवार के बच्चों, किशोर-किशोरियों, महिलाओं एवं अन्य पात्र सदस्यों की एनीमिया जांच अवश्य कराएं। चिकित्सकीय सलाह के अनुसार आयरन-फोलिक एसिड की दवा का सेवन करें तथा आयरन युक्त एवं संतुलित पौष्टिक आहार को अपने दैनिक भोजन का हिस्सा बनाएं।
उद्घाटन कार्यक्रम में सिविल सर्जन, लखीसराय, DIO, DS, DPM, DPC, DCM, HM सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक 25.08.2026