प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय, लखीसराय
दिनांक -27-08-26
*रक्षाबंधन के अवसर पर ‘समृद्ध महिला–समृद्ध बिहार अभियान’ का शुभारंभ*
महिला आर्थिक सशक्तीकरण को नई गति देने की दिशा में बिहार सरकार की बड़ी पहल
*हलसी में जीविका हाट का निर्माण कार्य एवम बड़हिया में जीविका सुधा बिक्री केंद्र का हुआ शुभारंभ
रक्षाबंधन के पावन अवसर पर बिहार में महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त, आत्मनिर्भर एवं उद्यमशील बनाने के उद्देश्य से ‘समृद्ध महिला–समृद्ध बिहार अभियान’ का शुभारंभ माननीय मुख्यमंत्री, बिहार, श्री सम्राट चौधरी द्वारा किया गया। बापू सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में माननीय उप मुख्यमंत्री श्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जन-संपर्क मंत्री श्री श्रवण कुमार, मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन मंत्री श्री मदन सहनी, वरिष्ठ पदाधिकारीगण, जीविका के पदाधिकारी एवं कर्मी तथा विभिन्न जिलों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ी जीविका दीदियाँ एवं महिला लाभार्थी उपस्थित रहीं।
*इस कार्यक्रम को लखीसराय समाहरणालय स्थित मंत्राणा कक्ष में जीविका दीदियों ने देखा और लाभान्वित हुईं*।
कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय मुख्यमंत्री तथा उपस्थित अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
आगत अतिथियों का स्वागत जीविका के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी ने पुष्प गुच्छ देकर किया।
तत्पश्चात श्री मदन साहनी, माननीय मंत्री, मध निषेध, उत्पाद एवम निबंधन ने अपने संबोधन में कहा कि जीविका दीदियों ने दी गई जिम्मेवारी को शत प्रतिशत पूरा किया है। उन्होंने कहा कि जीविका दीदियों द्वारा शराबबंदी की मांग का पूरा बिहार समर्थन करता है। श्री श्रवण कुमार, माननीय मंत्री, ग्रामीण विकास विभाग एवम सूचना एवम जन संपर्क मंत्री , बिहार ने अपने संबोधन में कहा कि आने वाले दिनों में जीविका दीदियों के हुनर और मेहनत से बने उत्पाद अंतराष्ट्रीय बाजार में बिकेंगे । ग्रामीण विकास विभाग इस दिशा में कार्य कर रहा है । माननीय उप मुख्यमंत्री श्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए केवल वित्तीय सहायता पर्याप्त नहीं है। उन्हें उत्पादन, कौशल, उद्यमिता और बाजार की पूरी श्रृंखला से जोड़ना आवश्यक है। ‘समृद्ध महिला–समृद्ध बिहार अभियान’ इस समग्र दृष्टिकोण को जमीन पर उतारने का प्रयास है। इससे महिलाओं की आय में वृद्धि के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।”
‘समृद्ध महिला–समृद्ध बिहार अभियान’ का उद्देश्य महिलाओं को केवल लाभार्थी के रूप में नहीं, बल्कि उद्यमी, उत्पादक, रोजगार सृजन और आर्थिक निर्णयों में सहभागी के रूप में स्थापित करना है। महिला की आर्थिक समृद्धि से परिवार की समृद्धि, परिवार की समृद्धि से समाज की समृद्धि और समाज की समृद्धि से एक सशक्त, आत्मनिर्भर एवं समृद्ध बिहार के निर्माण का मार्ग प्रशस्त होगा।
तत्पश्चात माननीय मुख्यमंत्री महोदय ने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के अंतर्गत 5 लाख महिला लाभार्थियों को कुल 600 करोड़ रुपये की राशि उनके आधार-संबद्ध बैंक खातों में हस्तांतरित की । इसके साथ ही जीविका निधि के माध्यम से 10,000 महिला लाभार्थियों को ऋण वितरित किया।
महिला उद्यमियों एवं उत्पादक समूहों को उनके उत्पादों के लिए स्थानीय बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भी. बी. जी. राम जी के समन्वय से 112 ग्रामीण हाटों के निर्माण कार्य का शुभारंभ भी हुआ। *इसमें लखीसराय जिला के हलसी प्रखंड में भी जीविका ग्रामीण हाट का निर्माण होना है* ।
कार्यक्रम में मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग तथा प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के साथ समझौता ज्ञापन पर भी हस्ताक्षर किया गया। इस कार्यक्रम में लखपतिया दीदी की कहानियों पर आधारित पुस्तक नारी शक्ति से समृद्धि बिहार एवम समृद्ध महिला समृद्ध बिहार अभियान पर आधारित पुस्तक का विमोचन माननीय मुख्यमंत्री एवम मंचासिन अतिथियों ने किया । *इस पुस्तिका में लखीसराय जिला की कल तक गरीबी रेखा के नीचे गुजर बसर करनेवाली ग्रामीण महिलाओं की जीविका से जुड़कर लखपति जीविका दीदी बनने की कहानियां वर्णित हैं*।
माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि, “समृद्ध महिला–समृद्ध बिहार अभियान केवल महिलाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की योजना नहीं है, बल्कि यह बिहार की महिलाओं के आर्थिक उन्नति का अभियान है। माननीय मुख्यमंत्री महोदय ने सहयोग पोर्टल की चर्चा की और कहा कि सभी के समस्यायों के समाधान के लिए सहयोग शिविर एक अभियान है । इन्होंने अगले मार्च तक 10 लाख जीविका दीदियों का घर सोलर ऊर्जा से संचालित कराने का लक्ष्य निर्धारित किया । माननीय मुख्यमंत्री महोदय में महिलाओं द्वारा संचालित महिला यूनिवर्सिटी खोलने की भी बात कही । *इस अवसर पर लखीसराय जिला के बड़हिया प्रखंड स्थित गंगासराय गांव में जीविका सुधा बिक्री केंद्र का शुभारंभ श्री शैलेन्द्र कुमार, जिला पदाधिकारी,महोदय लखीसराय ने किया। इस कार्यक्रम में श्री सुमित कुमार, उप विकास आयुक्त महोदय भी उपस्थित रहे । इस बिक्री केंद्र का संचालन चमेली जीविका स्वयं सहायता समूह की सदस्य श्रीमती प्रेमशीला देवी द्वारा किया जायेगा*। *लखीसराय समाहरणालय परिसर में स्थित लाइव कार्यक्रम में श्री शैलेन्द्र कुमार, जिला पदाधिकारी, श्री सुमित कुमार, उप विकास आयुक्त, श्री नीरज कुमार, निदेशक, डी आरडीए और श्रीमती अनिता कुमारी, जिला परियोजना प्रबंधक, जीविका , लखीसराय की भी गरिमामई उपस्थिति रही।