*कमिश्नर ने ग्राम पटी बजरिया पहुंचकर विस्थापित परिवारों की सुनी समस्याएं*
*समस्याओं के तत्परतापूर्वरक निराकरण के दिए निर्देश*
*ग्राम में शिविर के जरिए किया जाएगा शेष राशि का वितरण, रोजगारपरक गतिविधियों से जोड़ने के भी दिए निर्देश*
______
नवागत कमिश्नर दिलीप कुमार ने शुक्रवार को पन्ना प्रवास के दौरान केन बेतवा लिंक परियोजना के विस्थापित ग्राम पटी बजरिया पहुंचकर प्रभावित परिवारों की समस्याएं सुनीं। ग्राम पंचायत कृष्णा कल्याणपुर के विस्थापित गांव पटी बजरिया में दो ग्रामों के 52 परिवार निवासरत हैं। प्रशासन द्वारा ग्राम में सड़क, बिजली, स्कूल एवं आंगनवाड़ी केंद्र सहित पेयजल व अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास के प्रबंध निरंतर सुनिश्चित किए जा रहे हैं। संभागायुक्त द्वारा ग्राम भ्रमण के दौरान प्रत्येक परिवार के सदस्यों से भेंट की गई और संवाद कर अब तक की व्यवस्थापन व पुनर्वास संबंधी जानकारी ली। इसके अलावा ग्राम पंचायत सचिव, रोजगार सहायक व पटवारी से वांछित जानकारी प्राप्त कर आवश्यक निर्देश दिए। ग्रामीणों ने संभागायुक्त के समक्ष लंबित समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग रखी। इस पर विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण के निर्देश भी दिए गए। कमिश्नर ने संबंधित परिवार के लोगों को लंबित मुआवजा राशि के एक सप्ताह में भुगतान के लिए आश्वस्त किया। साथ ही ग्राम में पशुपालन एवं डेयरी विभाग तथा आदिम जाति कल्याण विभाग के अधिकारियों को भेजकर स्थानीय स्तर पर रोजगारपरक प्रकरण तैयार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने वर्तमान परिस्थिति में लोगों को पशुपालन गतिविधियां करने के लिए भी प्रेरित किया। इसके अलावा एक जनवरी 2024 की कट ऑफ डेट अनुसार 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले परिवार के बालिग सदस्यों और लंबित भुगतान वाले परिवारों को समय पर राशि भुगतान के लिए दो दिवस में गांव में ही कैंप लगाकर राशि वितरण के निर्देश भी दिए। कमिश्नर ने आवंटित जमीन में संबंधित विस्थापित परिवार के निर्माणाधीन आवासों व सुविधाओं का भी जायजा लिया। साथ ही बेहतर पुनर्वास के संबंध में चर्चा कर जरूरी निर्देश दिए।कमिश्नर ने ग्रामवासियों से बैंक खाता संचालन के संबंध में भी पूछा और विवाह उपरांत अनिवार्य रूप से पत्नी के साथ संयुक्त बैंक खाता खुलवाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि शासन के नियम और निर्देश मुताबिक सभी पात्र परिवार लाभान्वित होंगे। इस मौके पर किसी अन्य व्यक्ति के बहकावे से बचाव और राशि के सदुपयोग और बचत की सलाह भी दी। कुछ प्रकरणों में आयु निर्धारण के लिए मेडिकल टेस्ट करवाने के लिए कहा। आधार संबंधी समस्याओं के भी ग्राम स्तर पर निराकरण के निर्देश दिए गए। तहसीलदार को अविलंब बैंक खाता संबंधी समस्याओं के निराकरण व समन्वय तथा जन्म पंजी के उपलब्ध रिकॉर्ड मुताबिक वांछित कार्यवाही के लिए निर्देशित किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर ऊषा परमार, एसडीएम संजय कुमार नागवंशी, तहसीलदार अखिलेश प्रजापति एवं जनपद पंचायत सीईओ जयशंकर तिवारी भी उपस्थित रहे।
Panna, Panna | Sep 18, 2026