पन्ना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर महाराज सागर तालाब में भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में कलेक्टर ऊषा परमार, पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू, पूर्व मंत्री एवं पन्ना विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेंद्र मिश्रा सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में नगरवासियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु और जनसेवा के प्रति अपना आभार व्यक्त किया।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बुधवार शाम करीब 7 बजे महाराज सागर तालाब परिसर दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने और उनके जन्मदिन के अवसर पर आयोजित इस सामूहिक दीपोत्सव में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री एवं पन्ना विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक की जिम्मेदारी निभाते हुए 25 वर्षों में एक दिन की भी छुट्टी नहीं ली। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने राष्ट्र निर्माण, आत्मनिर्भर भारत और सशक्त भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसी भावना के साथ सेवा संकल्प अभियान के तहत दीपोत्सव आयोजित कर उनके जनसेवा के कार्यों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया गया।
दीपोत्सव के दौरान जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और नगरवासियों ने एक साथ दीप जलाकर सेवा, स्वच्छता, जनभागीदारी और जनकल्याण का संदेश दिया। दीपों से सजा महाराज सागर तालाब का नज़ारा आकर्षण का केंद्र बना।
Panna, Panna | Sep 18, 2026