मऊ में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का आकस्मिक निरीक्षण, CDO ने परखी भोजन और व्यवस्थाओं की गुणवत्ता
मऊ के मुहम्मदाबाद गोहना स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव ने आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं के भोजन, किचन की साफ-सफाई, खाद्य सामग्री और रहने की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। छात्राओं से बातचीत कर पढ़ाई और सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली गई।
मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव अचानक कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय पहुंचे। निरीक्षण के दौरान छात्राएं, अध्यापिकाएं और रसोइया मौजूद मिले। निर्धारित मीनू के अनुसार सब्जी, चावल और दाल तैयार थी और छात्राएं भोजन कर रही थीं। CDO ने खुद भोजन की गुणवत्ता जांची, जो संतोषजनक पाई गई।
इसके बाद किचन और स्टोर में रखी खाद्य सामग्री की भी जांच की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने रसोइया को निर्देश दिया कि खाद्य सामग्री इस्तेमाल करने से पहले उसकी एक्सपायरी डेट जरूर जांची जाए। साथ ही किचन और स्टोर को हमेशा साफ-सुथरा और व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान CDO ने छात्राओं से सीधे संवाद किया और उनके रहने, खाने और सोने समेत अन्य व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। छात्राओं ने किसी तरह की समस्या नहीं होने की बात कही। पढ़ाई से जुड़े सवालों पर भी छात्राओं ने संतोषजनक जवाब दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने अध्यापिकाओं और वार्डन को छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा और देखभाल पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने बेहतर शैक्षणिक माहौल और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने को कहा।