मऊ में 17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान, जनभागीदारी बढ़ाने को लेकर CDO ने की बैठक
मऊ में सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा और विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों को सफल बनाने और अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्कूल प्रबंधक, व्यापार मंडल के पदाधिकारी, डॉक्टर और उद्यमी शामिल हुए। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान जनकल्याणकारी और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने विद्यालयों, व्यापारिक संगठनों, उद्यमियों और डॉक्टरों से सक्रिय सहभागिता की अपील की। अभियान का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने तथा नागरिकों को ‘विकसित भारत@2047’ के सामूहिक संकल्प से जोड़ना है। इस दौरान कार्यक्रमों की रूपरेखा और जनभागीदारी बढ़ाने को लेकर चर्चा की गई और संबंधित लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में डीएवी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य देव भास्कर तिवारी, शारदा नारायण अस्पताल के डॉ. संजय सिंह समेत अन्य डॉक्टर और उद्यमी मौजूद रहे।