मऊ में कक्षा-1 की छात्रा की शिकायत पर बना रास्ता, डीएम ने मौके पर पहुंचकर किया निरीक्षण
मऊ में कक्षा-1 की छात्रा की शिकायत पर जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रास्ते का निर्माण पूरा करा दिया। मामला नगर पालिका परिषद मऊ के वार्ड नंबर-17 स्थित भटकुआ पट्टी का है। छात्रा समारा नाज ने जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी के सामने रास्ते की समस्या रखी थी। निर्माण पूरा होने के बाद जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने मौके पर पहुंचकर सड़क की गुणवत्ता का स्थलीय निरीक्षण किया।
दरअसल, भटकुआ पट्टी की रहने वाली कक्षा-1 की छात्रा समारा नाज ने जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी से रास्ते की समस्या के समाधान की मांग की थी। शिकायत का संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके बाद वार्ड नंबर-17 में रास्ते का निर्माण कार्य पूरा कराया गया। मंगलवार को जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने मौके पर पहुंचकर नवनिर्मित रास्ते का निरीक्षण किया और निर्माण की गुणवत्ता के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली।
डीएम ने आसपास की गलियों का भी सर्वे कराने और जरूरत के अनुसार कार्रवाई के निर्देश नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को दिए। उन्होंने स्थानीय लोगों से संवाद कर क्षेत्र की अन्य समस्याओं की जानकारी भी ली।
निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने छात्रा समारा नाज से मुलाकात की और उसे साइकिल एवं चॉकलेट उपहार में दी। रास्ता बनने और उपहार मिलने पर छात्रा और उसके परिजनों ने खुशी जताते हुए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।